न्यायमूर्ति पी बी वराले ने ली Supreme Court के न्यायाधीश के तौर पर शपथ

डीएन ब्यूरो

कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पी बी वराले को प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर शपथ दिलाई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

न्यायमूर्ति पी बी वराले ने ली Supreme Court के न्यायाधीश के तौर पर शपथ
न्यायमूर्ति पी बी वराले ने ली Supreme Court के न्यायाधीश के तौर पर शपथ


नयी दिल्ली: कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पी बी वराले को प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर शपथ दिलाई।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार उच्चतम न्यायालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में न्यायमूर्ति वराले को पद की शपथ दिलाई गई। न्यायमूर्ति वराले को उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त करने की मंजूरी केन्द्र ने बुधवार को दी थी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास JCB की चपेट में आया शख्स , मौत

उनके शपथ लेने के बाद शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या पूर्ण हो गई है। उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 है जिसमें प्रधान न्यायाधीश भी शामिल हैं। यह पहली बार है कि उच्चतम न्यायालय में तीन वर्तमान न्यायाधीश दलित समुदाय से हैं। इस समुदाय से संबंध रखने वाले दो अन्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति सी टी रविकुमार हैं।

इस महीने की शुरुआत में न्यायमूर्ति वराले के नाम की सिफारिश करते वक्त प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ नीत उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने कहा था कि उसने इस तथ्य को ध्यान में रखा कि वह उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीशों में से एक हैं। कॉलेजियम ने यह भी कहा था कि वह उच्च न्यायालय के एकमात्र मुख्य न्यायाधीश हैं जो अनुसूचित जाति वर्ग से हैं।

पिछले महीने न्यायमूर्ति एस के कौल की सेवानिवृत्ति के बाद शीर्ष अदालत में एक पद रिक्त हुआ था। न्यायमूर्ति वराले की नियुक्ति कॉलेजियम द्वारा उनके नाम की सिफारिश करने के एक सप्ताह के भीतर ही कर दी गई।

कानून मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया, ‘‘ भारत के संविधान के अनुच्छेद 124 के खंड (2) के तहत प्रदत्त की गई शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए राष्ट्रपति को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पी बी वराले को भारत के उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त करते हुए प्रसन्नता महसूस हो रही है..।’’

यह भी पढ़ें: संन्यास को लेकर मैरी कॉम का आया बड़ा बयान, जानिए क्या बोलीं

न्यायाधीश वराले के नाम की सिफारिश करते हुए कॉलेजियम ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल लगभग पूरे समय 34 न्यायाधीशों की पूर्ण क्षमता के साथ काम किया था और इसलिए वह वर्ष 2023 में 52,191 मामलों का निपटारा करने का गौरव हासिल कर सका।

न्यायमूर्ति वराले का जन्म 23 जून 1962 में हुआ था और उन्हें 18 जुलाई, 2008 को बंबई उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। उन्हें 15 अक्टूबर 2022 को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था।










संबंधित समाचार