
सोनभद्र: रविवार सुबह पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ के पास हुए दर्दनाक हादसे में महिला और पुरुष की मौत हो गई। दोनों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को हिंडाल्को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पिपरी सर्किल के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली कि सड़क किनारे महिला व पुरुष का शव पड़ा है। जांच में पता चला कि शनिवार रात दोनों शराब के नशे में सड़क पर झगड़ रहे थे। राहगीरों ने उन्हें धक्का देकर सड़क किनारे गिरा दिया था, जहां वे बेहोश हो गए। आशंका है कि रात में किसी वाहन ने बैक करते समय दोनों को नहीं देखा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ पिपरी अमित कुमार, थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह व चौकी प्रभारी राजेश चौबे मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस दोनों की पहचान करने में जुटी है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Published : 6 April 2025, 3:24 PM IST