राम रहीम को 2:30 बजे सजा: हरियाणा-पंजाब में हाई अलर्ट, सीमाएं सील

साध्वी रेप केस में राम रहीम को आज रोहतक जेल में सजा सुनाई जायेगी। यहां सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं और उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिये गये हैं। पंचकूला से सीबीआई जज हेलीकाप्टर से रोहतक के लिये रवाना हो गये है।

Updated : 28 August 2017, 11:38 AM IST
google-preferred

रोहतक: साध्वी रेप केस मामले में आज दोपहर 2:30 बजे बाबा राम रहीम को रोहतक जेल में सजा सुनाई जाएगी। राम रहीम को दोषी करार दिये जाने के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा को देखते हुये रोहतक जेल में कड़े सुरक्षा के प्रबंध किये गये हैं। जेल परिसर में किसी को भी घुसने की इजाजत नहीं है और उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश पुलिस और सुरक्षा बलों को दे दिये गये हैं। हरियाणा और पंजाब में हाई अलर्ट है और यहां सेना की 28 टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं।

सीबीआई जज हेलीकाप्टर से रोहतक के लिये रवाना

स्पेशल सीबीआई जज जगदीप सिंह पंचकूला से रोहतक के लिये रवाना हो गये है। हेलीकाप्टर से वह सीधे रोहतक के सुनारिया जेल पहुंचेंगे, जहां राम रहीम को रखा गया है।

 

यह भी पढ़ें: राजनीतिक फायदे के लिये हुई हिंसा: हाईकोर्ट

रोहतक जेल में ही कोर्टरूम

राम रहीम को सजा सुनाने के लिये सीबीआई जज जगदीप सिंह हेलीकाप्टर से रोहतक आयेंगे। उनके साथ चार अन्य अधिकारी भी होंगे। सजा सुनाने के लिये रोहतक जेल में ही कोर्टरूम बनाया गया है।

रोहतक की सीमाएं सील

राम रहीम को रोहतक के सुनारिया जेल में रखा गया है। यह जेल शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थित है। जेल परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा के कई अवरोधक लगाए गए हैं। जेल से 3 किलोमीटर तक सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा है। जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। सुनारिया जेल की तीन स्तरीय सुरक्षा की जा रही है। अर्धसैन्य बल तथा हरियाणा पुलिस को जेल की सुरक्षा में तैनात किया गया है, जबकि सेना को दिल्ली और हिसार में स्टैंडबाय रखा गया है। शहर में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

पंजाब के मोगा में दोपहर 1 बजे से कर्फ्यू लगाने के आदेश दिये गये है।

यह भी पढ़ें: हिंसा पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- राम रहीम की संपत्ति बेचकर करें नुकसान की भरपाई

7-10 साल तक की हो सकती है कैद

सीबीआई कोर्ट ने राम रहीम को आईपीसी की तीन धाराओं 376 (दुष्कर्म), 506 (डराने व धमकाने), 509 (महिला की इज्जत से खिलवाड़) के लिये दोषी ठहराया है। इन धाराओं के तहत दोषी राम रहीम को 7-10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।

Published : 
  • 28 August 2017, 11:38 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement