UP: मुरादनगर श्मशान घाट हादसे में अब तक 18 मौतें, 40 लोग रेसक्यू, CM ने मांगी रिपोर्ट, आर्थिक मदद, जानिये ताजा अपडेट

डीएन ब्यूरो

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में श्मशान घाट में छत धंसने से हुए हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो गई है। बड़ी संख्या में लोगों को रेसक्यू किया गया। सीएम योगी ने हादसे लेकर रिपोर्ट तलब की है।

मौके पर रेसक्यू ऑपरेशन जारी
मौके पर रेसक्यू ऑपरेशन जारी


गाजियाबाद: राजधानी दिल्ली से सटे मुरादनगर में उखलारसी श्मशान घाट की छत गिरने से मलबे में दबकर मरने वालों की संख्या अब तक बढ़कर 18 हो गयी है। जिला एमएमजी अस्पताल में अब तक 18 व्यक्तियों के शव पहुंच चुके हैं। हादसे के बाद से अब तक लगभग 40 लोगों को रेसक्यू किया जा चुका है। घायलों को नजदी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ कि स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। रेसक्यू ऑपरेशन जारी है। मृतकों और घायलों की तादाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 

इस हादसे का यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए तत्काल राहत पहुंचाने और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मामले की जांच रिपोर्ट भी मांगी है। सीएम योगी ने कहा कि घटना में सभी प्रभावितों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।

मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने मण्डलयुक मेरठ और एडीजी जोन से हादसे की रिपोर्ट मांगी है। वहीं, राज्यमंत्री अतुल गर्ग घटनास्थल पर पहुंचे हैं। घटनास्थल पर प्रशासन के के भी कई बड़े अधिकारी मौजूद हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि गाजियाबाद के मुरादनगर में श्‍मशान घाट की छत गिर जाने के कारण कई लोगों की मृत्‍यु के समाचार से मुझे अत्‍यंत दुख पहुंचा है। दुख की इस घड़ी में मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्‍यक्‍त करता हूं, साथ ही कामना करता हूं कि हादसे में घायल हुए लोग जल्‍द से जल्‍द स्‍वस्‍थ हों।  

जानकारी के मुताबिक मुरादनगर के स्थानीय दयानंद कॉलोनी निवासी दयाराम की बीती रात मौत हो गयी थी। रविवार सुबह उखरानी-बम्बा रोड  स्थित उखलारसी श्मशान घाट पर दयाराम का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। इस मौके पर वहां 100 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। रूक-रूक हो रही बारिश के कारण सभी लोग श्मशान घाट परिसर में बने भवन के अंदर खड़े थे, तभी यह हादसा हुआ। बड़ी संख्या में लोग लैंटर गिरने से उसके नीचे दब गये।

अंतिम संस्कार के दौरान सभी लोगों श्मशान घाट परिसर में बने भवन के अंदर खड़े होकर शांति पाठ कर रहे थे। इसी दौरान वहां लेंटर गिर गया और अधिकतर लोग मलबे में दब गये। कुछ लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गयी। अब तक 18 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं। कई लोगों के शवों की पहचान नहीं हो सकी है।

एनडीआरएफ की टीम समेत स्थानीय प्रशासन और पुलिस राहत कार्य में जुटे हुए हैं। जान गंवाने वाले लोगों की सही संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मलबे में बड़ी संख्या में लोग दब गये। मृतकों और घायलों की सही संख्या का पता राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही चल सकेगा।
 










संबंधित समाचार