असम के पूर्व विधायक आतंकी समूह गठित करने के प्रयासों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

कोकराझार असम के पूर्व विधायक हितेश बासुमतारी को दो अन्य लोगों के साथ आतंकी समूह बनाने के प्रयासों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने दी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

पूर्व विधायक  हितेश बासुमतारी  गिरफ्तार
पूर्व विधायक हितेश बासुमतारी गिरफ्तार


कोकराझार: असम के पूर्व विधायक हितेश बासुमतारी को दो अन्य लोगों के साथ आतंकी समूह बनाने के प्रयासों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने  दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोकराझार) नवनीता शर्मा ने कहा कि बासुमतारी के घर से गोला-बारूद के साथ 'अत्याधुनिक हथियार' बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि बासुमतारी को शुक्रवार रात बक्सा जिले में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए दो अन्य व्यक्ति बोडोलैंड जातीय सुरक्षा मंच का कार्यकारी अध्यक्ष दाओराव देखराब नारजारी और बोडोलैंड कान्ट्रैक्ट एसोसिएशन अध्यक्ष बिक्रम दैमारी हैं।

जहां नारजारी को कोकराझार से गिरफ्तार किया गया, वहीं दैमारी को उदलगुरी से गिरफ्तार किया गया।

शर्मा ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक नया आतंकवादी संगठन बनाने की कोशिश कर रहे हैं और इस सिलसिले में हमने इन लोगों को गिरफ्तार किया है।’’

कोकराझार में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किए जाने पर बासुमतारी और दैमारी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि नारजारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अधिकारी ने कहा, 'आगे की जानकारी जांच के बाद पता चलेगी।'

बासुमतारी 2011 में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के टिकट पर चपागुरी से विधायक चुने गए थे।

 

 










संबंधित समाचार