हिंदी
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में होली के नाच-गाने के बाद शुक्रवार शाम को एक विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई और उसके बाद ताब़ड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। फायरिंग की घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक बलिया में शुक्रवार की शाम गड़वार थाना के बुढ़ऊ गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी।
फायरिंग में गोली लगने से एक पक्ष के कमलेश सिंह (45 वर्ष) की पीठ और आनंद सिंह (50 वर्ष) के कमर के पास पैर में गोली जा लगी। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया। जहां से गम्भीर रूप से घायल कमलेश सिंह को चिकित्सकों ने वाराणसी लिए रेफर कर दिया। जबकि आनंद सिंह का इलाज जिला अस्पताल बलिया में चल रहा है।
इस घटना में दूसरे पक्ष के अनूप सिंह को भी सर में चोट आई है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गड़वार थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ गांव में होली के दिन शाम को डीजे बज रहा था, जहां एक पक्ष के कमलेश सिंह पुत्र देवेन्द्र सिंह समेत पांच एवं द्वितीय पक्ष के अनूप सिंह पुत्र हृदय नारायण सिंह समेत चार के बीच डीजे बजाने को लेकर आपस में गाली गलौज एवं मारपीट की घटना हुई।
मारपीट की इस घटना के बाद एक पक्ष के हृदय नारायण सिंह पुत्र केदार सिंह द्वारा अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी गई, जिसमें द्वितीय पक्ष के कमलेश सिंह के पीठ और आनंद सिंह के कमर के पास पैर में गोली जा लगी।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वही बंदूक, खोखा व जिन्दा कारतूस कब्जे में लिया है।
इस घटना पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ गांव में शाम करीब चार बजे डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की हालत नाजुक देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। जबकि दूसरे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
Published : 14 March 2025, 8:56 PM IST
Topics : Ballia Ballia News ballia police crime in ballia Crime News on Holi Firing in Ballia Firing in Ballia on Holi UP News uttar pradesh