
फतेहपुर: गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में सड़क किनारे जले हुए युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर बांदा-सागर मार्ग जाम कर दिया। परिजनों ने आरोपी पर कार्रवाई न होने और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार, बड़ा गांव के निवासी किशोर पासवान (37) को 30 दिसंबर को उनका साढू राजू पासवान बुलाकर ले गया था। परिजनों का आरोप है कि राजू ने किशोर को जलाकर सड़क किनारे फेंक दिया। किशोर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन किशोर का शव लेकर शाह कस्बे पहुंचे और सड़क पर रखकर बांदा-सागर मार्ग जाम कर दिया।
परिजनों का कहना है कि किशोर ने मरने से पहले पुलिस को बयान दिया था, जिसे फोन पर रिकॉर्ड भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार मौर्य ने बताया कि युवक के परिजनों की तहरीर के आधार पर साढू राजू पासवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
वहीं, सीओ ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया।
Published : 3 January 2025, 6:03 PM IST
Topics : dead Fatehpur HindiNews ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist Road Jam TrendingNews villager youth