हिंदी
फतेहपुर: बुधवार दोपहर हुसैनगंज-डलमऊ मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार टाटा सूमो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन में सवार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, हादसा लालीपुर मोड़ के पास हुआ। सड़क पार कर रहे कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पीआरवी 112 मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर सभी घायल जवानों को हुसैनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, घायल जवान फतेहपुर से रायबरेली के डलमऊ जा रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
जांच में जुटी पुलिस
हुसैनगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने टाटा सूमो को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने से नियंत्रण खोना लग रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने और गति सीमा का पालन करने की जरूरत को दर्शाता है।
Published : 2 April 2025, 6:54 PM IST
Topics : Accident Fatehpur Fatehpur Police ITBP UP News