हिंदी
फतेहपुर: फतेहपुर जिले के खागा तहसील स्थित पुरईन गांव में सोमवार रात एक भीषण अग्निकांड में एक मां के सपने जलकर राख हो गए। चूल्हे से निकली चिंगारी ने 19 वर्षीय खुशबू की शादी के लिए रखा गया सारा सामान जला कर राख कर दिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, पीड़िता सरोज देवी मानसिक रूप से बीमार अपने पति मिंटू सिंह के साथ चार बच्चों की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही हैं। उनकी बेटी खुशबू की शादी 24 फरवरी को तय थी। उन्होंने बड़ी मेहनत से दहेज का सामान जुटाया था, जो घर के छप्पर के नीचे रखा था। लेकिन चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने उनकी सारी मेहनत को राख कर दिया।
अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। परिवार में खुशबू के अलावा अभिषेक (17), अंशू (15) और खुशी (6) की पढ़ाई-लिखाई की जिम्मेदारी भी सरोज पर है।
सरकारी मदद दिलाने का मिला भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा किसान मोर्चा के धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और लेखपाल उमेश कुमार को बुलाया। लेखपाल ने परिवार को सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया है। धनंजय सिंह ने तत्काल राहत के रूप में पीड़ित परिवार को खाने-पीने का सामान, बर्तन और बिस्तर उपलब्ध कराया। उन्होंने खुशबू की शादी में हरसंभव मदद करने का भी वादा किया। ग्राम प्रधान दयाराम ने भी आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।
Published : 12 February 2025, 10:34 AM IST
Topics : daughtermarriage Dhananjay Singh Dynamite News Fatehpur Khaga tehsil Purain village Saroj Devi