Farmers Protest: पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पथराव, पुलिस ने किसानों पर दागे आंसू गैस के गोले

किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के दौरान पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पथराव की खबरें है। यहां पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 13 February 2024, 12:30 PM IST
google-preferred

शंभू बॉर्डर: संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी के लिये कानून बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए मंगलवार को दिल्ली कूच करना शुरू कर दिया। किसानों के मार्च के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं।  

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च के दौरान पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पथराव की घटना सामने आई है। यहां पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के सख्त बंदोबस्त के बावजूद भी किसान दिल्ली कूच के लिए अड़े हुए हैं। किसानों को बॉर्डर पर रोकने की पूरी कोशिश की जा रही है, लेकिन शंभू बॉर्डर पर हालात बिगड़ रहे हैं। यहां रुक-रुक कर आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक किसानों को करीब 300 मीटर तक पीछे हटाया जा चुका है, लेकिन प्रदर्शनकारी उसके बावजूद दिल्ली में घुसने के लिए अड़े हुए हैं।

किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए सिंघु, टिकरी और गाजीपुर सीमाओं को बंद करने के लिए कई चरणों में अवरोधक लगाने के अलावा पुलिस और अर्द्धसैन्य बलों की भारी तैनाती की गयी है।

Published : 
  • 13 February 2024, 12:30 PM IST

Advertisement
Advertisement