Assembly Election Dates 2021: इन तारीखों में होगा पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधान सभा चुनाव का मतदान

पश्चिम बंगाल,असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग द्वारा प्रेस कांफ्रेंस की जा रही है। जानिये इन पांच राज्यों में विधान सभा चुनाव को लेकर आयोग की अहम घोषणा डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 26 February 2021, 4:36 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेस कांफ्रेंस की जा रही है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा इस प्रेस कांफ्रेस को संबोधित कर रहे हैं। थोड़ी देर में पांच राज्यों की चुनाव तिथियों की आयोग द्वारा घोषणा की जायेगी। जारी प्रेस कांफ्रेंस के बीच जानिये ताजा और लाइव अपडेट

पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान होगा। बंगाल में 27 मार्च को पहले चरण में मतदान होगा। दूसरे चरण में 1 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरे चरण में 6 अप्रैल, चौथे चरण में 10 अप्रैल, पांचवें चरण में 17 अप्रैल, छठे चरण में 22 अप्रैल, सातवें चरण में 26 अप्रैल और आठवें चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि मतगणना सभी राज्यों के साथ 2 मई को की जाएगी।

यह भी पढ़ें: West Bengal Assembly Election: ममता ने बंगाल में आठ चरणों की वोटिंग पर उठाये सवाल, जानिये क्या बोलीं

असम में तीन चरणों में चुनाव होंगे। असम में मतदान 6 अप्रैल को होंगा।

केरल में एक चरण में 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। 

तमिलनाडु में 6 अप्रैल को मतदान होंगे।

पुडुचेरी में एक चरण में 6 अप्रैल को मतदान होगा।

सभी राज्यों के विधान सभा चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे।

चुनाव अधिकारियों का टीकाकरण

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि सभी चुनाव अधिकारी कोरोना वॉरियर्स हैं। कोरोना को देखते हुए सभी चुनाव अधिकारियों का टीकाकरण किया जाएगा। चुनाव के दौरान कोरोना नियमों का पालन जरुरी होगा। घर-घर संपर्क के लिए भी नियम होंगे। चुनाव प्रचार के लिए केवल 5 लोगों को एक साथ जाने की अनुमति होगी। नामांकन की प्रक्रिया और सिक्योरिटी मनी ऑनलाइन भी जमा कराई जा सकती है। रैली के लिए मैदान तय होंगे। सुरक्षा बल एडवांस ही भेजे जा रहे हैं।

824 विधानसभा क्षेत्र, 18.68 करोड़ मतदाता, 2.7 लाख बूथ

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) सुनील अरोड़ा ने कहा कि हमने विधान सभा चुनाव वाले सभी राज्यों का अनेक बार दौरा किया। सीईसी ने कहा कि 24 मई को तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। 31 मई को असम की विधानसभा का कार्यकाल खत्म होगा। इन पांच राज्यों की कुल 824 विधानसभा क्षेत्रों में 18.68 करोड़ मतदाता 2.7 लाख बूथ पर मतदान करेंगे। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी में कोरोना के कारण मतदान का समय एक घंटा बढ़ाया गया है। चुनाव ग्राउंंड फ्लोर पर होंगे। 

चुनाव आयोग के लिए लिटमस टेस्ट

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुनील अरोड़ा ने कहा कि हमारे लिए मतदाताओं को सुरक्षित, मजबूत और जागरूक रखना सबसे बड़ा काम है। हमने कोरोना दौर में राज्यसभा की 18 सीटों के लिए चुनाव की शुरुआत की। इसके बाद बिहार चुनाव कराया। यह वास्तव में चुनाव आयोग के लिए लिटमस टेस्ट साबित हुआ।

कोविड-19 में चुनावी ड्यूटी

अब ये पांच विधान सभा चुनाव ज्यादा चुनौती भरे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान कई कर्मचारी और अधिकारी तो कोविड संक्रमण की चपेट में आए। ठीक हुए और फिर चुनावी ड्यूटी निभाई। हमने ऐसे कई कोरोना वीरों को राष्ट्रपति से पुरस्कार दिलाया। उनका सम्मान किया। 

सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोविड योद्धाओं, चिकित्सकों, पैरामेडिक्स, नर्सों, वैज्ञानिकों और हमारे सभी अधिकारी जो चुनावी ड्यूटी में अग्रिम पंक्ति में तैनात थे, हम उन्हें धन्यवाद कहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में हुए विधानसभा चुनाव को सफलतापूर्वक सुनिश्चित कराने में इनका अहम योगदान रहा।

कोरोना गाइडलाइंस का होगा पालन

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2021 ने वैश्विक समुदाय की एकजुटता और समझ में लचीलापन बनाया है। उन्होंने कहा कि कोरोना माहमारी को ध्यान में रखते हुए ये चुनाव होंगे। कोरोना योद्धाओं को सलाम। मतदाताओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा। चुनाव के दौरान कोरोना गाइडलाइंस का पालन होगा।

बता दें कि देश के जिन पांच राज्यों में विधान सभा चुनाव होने हैं, उनमें पश्चिम बंगाल,असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल है। इन सभी राज्यों में अप्रैल-मई के बीच चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराया जाना जरूरी है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों, तमिलनाडु की 234 सीटें, केरल की 140 सीटों, असम की 126 सीटों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर चुनाव होने हैं। इन सभी राज्यों में अप्रैल-मई तक चुनाव होने जरूरी हैं।  

पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। यहां ममता बनर्जी की नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार है। 30 मई 2021 विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा। पिछले चुनाव में यहां टीमसी को सबसे ज्यादा 211, कांग्रेस को 44, लेफ्ट को 26 और भाजपा को तीन सीटों पर जीत मिली थी। 

तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटें हैं। वर्तमान में यहां पलानीस्वामी की अगुआई ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कणगम (AIADMK) की सरकार है। भाजपा का उसके साथ गठबंधन है। 31 मई 2021 को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा।  

असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं। बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत है। वर्तमान में यहां भाजपा की अगुआई में एनडीए की सरकार है और सर्वानंद सोनोवाल यहां के मुख्यमंत्री हैं। 31 मई को कार्यकाल खत्म हो रहा। 

केरल में 140 विधानसभा सीटें हैं। फिलहाल यहां पिनाराई विजयन की अगुआई वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की सरकार  है। एक जून को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा।

पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत के लिए यहां 16 सीटों की जरूरत हैं। यहां राष्ट्रपति शासन लागू है। पिछले दिनों कांग्रेस-डीएमके गठबंधन वाली सरकार गिर गई थी। वी नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सोमवार को विश्वास मत से पहले इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के कई विधायकों के इस्तीफा देने के बाद सरकार अल्पमत में आ गई थी।  पिछले चुनाव में कांग्रेस को 21 में से 15 सीटें मिली थीं। 

No related posts found.