हिंदी
लखनऊः इकाना स्टेडियम का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल स्टेडियम किये जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को इंडिया- वेस्ट इंडीज के टी-20 मैच से ठीक पहले स्टेडियम के बाहर अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने जब सपा कार्यकर्ताओं का विरोध- प्रदर्शन बढ़ते देखा तो वहां थोड़ी देर के लिये स्थिति खराब हो गई।
इस पर पुलिस बल को सपा कार्यकर्ताओं को स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन करते देख उन्हें वहां से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान सपाइयों ने अपने हाथ में तिरंगा झंडा लेकर इकाना स्टेडियम का नाम बदले जाने का विरोध किया। बता दें कि यहां स्टेडियम में आज 24 साल के लंबे इंतजार के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जायेगा। इससे पहले ही इस स्टेडियम का नाम बदल दिया गया है।
अब यह 'इकाना' नहीं बल्कि अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल स्टेडियम हो गया है। राज्यपाल राम नाईक ने स्टेडियम के नाम बदले जाने की स्वीकृति प्रदान करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसी के विरोध में आज सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन किया।
Published : 6 November 2018, 5:08 PM IST
Topics : Atal Bihari Vajpayee International Stadium इकाना नाम परिवर्तन लखनऊ विरोध प्रदर्शन सपा कार्यकर्ता स्टेडियम
No related posts found.