हिंदी
महराजगंज: बाढ़ से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में बांध टूटने का खतरा बढ़ गया है। पानी का जलस्तर बढ़ने से बांध से लगातार रिसाव हो रहा है, जिससे यहां के लोग दहशत में हैं। डाइनामाइट न्यूज ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से बातचीत की और ताजा स्थिति का जायजा लिया। पुरन्दरपुर टोला पकड़िया क्षेत्र में बाढ़ का खतरा और बड़ा रूप लेता जा रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ टीम ने धानी क्षेत्र के ग्राम सभा पुरन्दरपुर टोला पकड़िया क्षेत्र का दौरा किया। यहां स्थित बांध से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और खतरा बढ़ता जा रहा है। कई घर और गांव पहले ही पानी से घिरे हुए है और अब बांध से हो रहे रिसाव ने यहां के लोगों को और ज्यादा भयभीत और परेशान कर दिया है।
पकड़िया टोला निवासी गणेश सहानी का मकान बांध के एकदम किनारे पर स्थित है। गणेश सहानी का कहना है कि बांध से हो रहे पानी का रिसाव उनके घर के अंदर पहुंच गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि अभी तक प्रशासन की तरफ से इसे रोकने के प्रयास नही किये गये है।
बांध से हो रहे लगातार रिसाव के कारण क्षेत्र के लोग भयभीत है। इस क्षेत्र के लोगों की कई एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। लोगों के सामने एक नई विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। यहां के ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध नहीं करायी तो उनका जीवन और संकट में आ जायेगा। लोगों का कहना है कि बांध टूटा तो धानी क्षेत्र के कई गांव पानी में डूब जायेंगे।
Published : 2 September 2021, 4:46 PM IST
Topics : Flood Maharajganj धानी क्षेत्र पुरंदरपुर बाढ़ बांध महराजगंज रिसाव संकट