Sulli Deals: बुल्ली बाई के बाद सुल्ली डील्स ऐप का क्रिएटर गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने इस मास्टरमाइंड को इंदौर से दबोचा

डीएन ब्यूरो

मुस्लिम महिलाओं को अपमानित करने वाले बुल्ली बाई ऐप के डेवलेपर को गिरफ्तार करने के बाद इसी तरह के अन्य ऐप सुल्ली डील्स के क्रिएटर को भी दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

सुल्ली डील ऐप का क्रिएटर ओंकारेश्वर ठाकुर गिरफ्तार
सुल्ली डील ऐप का क्रिएटर ओंकारेश्वर ठाकुर गिरफ्तार


नई दिल्ली: मुस्लिम महिलाओं को अपमानित करने वाले  बुल्ली बाई ऐप का मामला अभी थमा भी न था कि पुलिस ने एक इसी तरह के सुल्ली डील्स ऐप पर शिकंजा कस लिया है। सुल्ली डील (Sulli Deals) ऐप क्रिएटर और मास्टरमाइंड ओंकारेश्वर ठाकुर को दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किया गया सुल्ली डील ऐप का क्रएटर मुस्लिम महिलाओं को ट्रोल करने के लिए बनाए गए ट्विटर पर ट्रेंड-ग्रुप के सदस्य था। उसके साथ कई और लोग भी जुड़े हुए हैं। इस समूह के सदस्यों द्वारा मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड की गईं और उन्हें बदनाम करने की मंशा से उनका चरित्र हनन किया गया।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल में इंटेलीजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटजिक ऑपरेशन के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा (DCP KPS Malhotra ) ने बताया कि सुल्ली डील्स के एप क्रिएटर ओंकारेश्वर ठाकुर को इंदौर से पकड़ लिया गया है। आरोपी ओंकारेश्वर ठाकुर न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप, इंदौर का रहने वाला है। आरोपी इंदौर के एक बड़े संस्थान आईपीएस अकादमी से बीसीए किया हुआ है।

जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह ट्विटर पर एक ट्रेड-ग्रुप का सदस्य था और एक धर्म विशेष की महिलाओं को बदनाम करने और ट्रोल करने की मंशा रखता था। इसी मकसद से उसने GitHub पर एक कोड विकसित किया था। GitHub की पहुंच समूह के सभी सदस्यों के पास थी। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर ऐप का लिंक शेयर किया था। आरोपी से पूछताछ जारी है।










संबंधित समाचार