
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में जल्द चुनाव होने है। इससे पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों के लिए बड़ा ऐलान किया है।
गलत पानी के बिल किए जाएंगे माफ
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, केजरीवाल ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दिल्ली की जनता को पानी के गलत बिल भरने की जरूरत नहीं है। AAP की सरकार बनने पर पानी के सभी गलत बिल माफ कर दिए जाएंगे।
अब तक 6 बड़ी घोषणाएं कर चुके हैं केजरीवाल
दिल्ली चुनाव से पहले केजरीवाल एक के बाद एक बड़ी घोषणा करते जा रहे हैं। वे पिछले 44 दिन में 6 बड़ी घोषणाएं कर चुके हैं। जिसमें खास बात यह है कि इनमें बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्गों के लिए भी ऐलान शामिल है।
पुजारी ग्रंथी योजना: केजरीवाल ने 30 दिसंबर को ऐलान किया था कि अगर दिल्ली में उनकी दोबारा सरकार बनती है, तो वह पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना शुरू करेंगे। इस योजना के तहत मंदिर के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों को 18 हजार हर महीने भत्ता दिया जाएगा।
संजीवनी योजना: अरविंद केजरीवाल ने 18 दिसंबर को बुजुर्गों के लिए एक बड़ी घोषणा का ऐलान किया था। इस योजना को उन्होंने संजीवनी योजना का नाम देते हुए कहा कि इसके तहत दिल्ली के 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का मुफ्त इलाज होगा।
महिला सम्मान योजना: केजरीवाल ने 12 दिसंबर को महिलाओं के लिए महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹1000 रुपए दिए जाएंगे। 18 साल की उम्र पूरी करने वाली हर महिला इस स्कीम के दायरे में आएगी। चुनाव के बाद रकम को बढ़ाकर ₹2100 किया जाएगा।
ऑटो चालकों के लिए बड़ी घोषणा: अरविंद केजरीवाल ने 10 दिसंबर को दिल्ली के ऑटो चालकों के लिए 4 बड़े ऐलान किए थे। केजरीवाल ने ऑटो चालक की बेटी की शादी के लिए 1 लाख रुपए, होली-दिवाली पर वर्दी बनवाने के लिए ढाई-ढाई हजार रुपए, 10 लाख रुपए का लाइफ इंश्योरेंस और 5 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस देने का ऐलान किया था। साथ ही उनके बच्चों की कोचिंग का खर्च भी दिया जाएगा।
बुजुर्गों की पेंशन: 21 नवंबर को अरविंद केजरीवाल ने 5 लाख लोगों को हर महीने ₹2500 तक पेंशन बुजुर्गों की पेंशन स्कीम को दोबारा शुरू करने का ऐलान किया। इतना ही नहीं, इस स्कीम में 80 हजार नए बुजुर्गों को और जोड़ा गया है।
फरवरी में हो सकते है चुनाव
बता दें कि 23 फरवरी, 2025 को दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में दिल्ली में फरवरी महीने में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तारीखों की घोषणा नहीं की है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 4 January 2025, 12:34 PM IST
Topics : AAP arvind kejriwal Delhi Elections 2025 Delhi News Delhi Politics ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashEkMulaqat ManojTibrewalAakashIASTopper ManojTibrewalAakashInterview ManojTibrewalAakashJournalist