Ayodhya Land Deals: प्रियंका गांधी बोलीं- BJP ने राम के नाम पर किया भ्रष्टाचार, धर्म के साथ आस्था और विश्वास को बेचा

डीएन ब्यूरो

अयोध्या में भव्य राम मंदिर क्षेत्र में जमीन की खरीद में घोटाले के प्रकरण को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जोरदार हमला बोला है। डाइनामाइट न्यूज में पढ़िये क्या बोली प्रियंका गांधी

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी


नई दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर क्षेत्र में कथित जमीन घोटाले के प्रकरण पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने राम के नाम पर अब तक का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया है। भाजपा ने धर्म के साथ आस्था और विश्वास को भी बेचा है। 

कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने इस कथित घोटाले को लेकर मीडिया को संबोधित किया और भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाये। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर देश के लोगों से चंदा वसूला गया। गरीब जनता ने भी इसके लिये चंदे के रूप में पैसे दिये लेकिन अब हजारों करोड़ रुपयों की चोरी का मामला सामने आ गया है।

कांग्रेस ने कहा राम मंदिरा के नाम पर लिये गये चंदा की चोरी करने वालों को प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री बचा रहे हैं। राम मंदिर के लिए जमीन खरीद में सिर्फ पांच मिनट में 1300 प्रतिशत की चपत लगाई गई। कांग्रेस ने कहा कि यह जमीन दुनिया की ऐसी सबसे महंगी जमीन बन गई है, जिसके दाम प्रति सैंकेंड में हजारों-करोड़ों में बढ़े और घोटाले को अंजाम दिया गया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा के लोगों में ही राम मंदिर के आसपास की जमीन पर लूट में लगी हुई है। भाजपा के नेता, पदाधिकारी, मेयर, आरएसएस के लोग और सरकारी अधिकारी इस लूट में एक-दूसरे का साथ दे रहे हैं। भगवान राम नैतिकता के प्रतीक थे और आप (भाजपा) उनके नाम पर भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं, पूरे देश की आस्था पर चोट पहुंचा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि दलितों की जो जमीन खरीदी नहीं जा सकती थी वो खरीदी व हड़पी गई और कुछ जमीनें ट्रस्ट को बहुत ज्यादा पैसों के लिए बेची गईं। चंदे के पैसों के साथ घोटाला किया गया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की किसी भी सरकार में आस्था का सम्मान नहीं है। लोगों ने अपने घर की जमा-पूंजी को मंदिर बनाने के लिए चंदा के रूप में दिया है। करोड़ों लोगों ने राम मंदिर के निर्माण के लिए चंदा दिया है। इसके बाद भी मंदिर के निर्माण के नाम पर जमीन को खरीदने और बेचने का काम चल रहा है।

कांग्रेस ने कहा कि भाजपाई नेताओं, उनके मित्रों व राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के नुमाईंदों ने चंदे की लूट का खेल खेला। श्री राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित हुए चंदे का घ्रणित दुरुपयोग व मंदिर की जमीन खरीदने में करोड़ों का घोटाला अब जगजाहिर है।










संबंधित समाचार