उज्जैन में बीच सड़क पर जलते हुए पाए गए व्यक्ति की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में 42 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बीच सड़क पर जलता हुआ पाया गया और बाद में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गयी। इस व्यक्ति का नाम रिश्वत के एक मामले में सामने आया था। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

Updated : 10 April 2023, 9:06 AM IST
google-preferred

उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में 42 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बीच सड़क पर जलता हुआ पाया गया और बाद में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गयी। इस व्यक्ति का नाम रिश्वत के एक मामले में सामने आया था। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस विभिन्न कोणों से घटना की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है और यह व्यक्ति कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के एक सार्वजनिक शौचालय से जलता हुआ सड़क पर बाहर आया था और दर्द के मारे चीख रहा था।

कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया, ‘‘आसिफ पेंटर नाम के व्यक्ति को उज्जैन में शनिवार को सड़क पर जलता हुआ पाया गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत इंदौर के एक अस्पताल में रेफर किया गया, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई। वह इंदौर के गांधी नगर का रहने वाला था।’’

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘‘इस घटना के वीडियो भी सामने आये हैं। वीडियो देखने के बाद लग रहा है कि इस व्यक्ति ने खुद को जलाया है। हालांकि, उसकी सघनता से छानबीन भी कर रहे हैं कि इसमें किसी और का हाथ है या नहीं।’’

उन्होंने कहा कि आसिफ दो दिन पहले सात अप्रैल को रिश्वत लेते हुए लोकयुक्त की गिरफ्त में आए चिमनगंज थाने में पदस्थ एक आरक्षक के एजेंट के रूप में सामने आया था।

अधिकारी ने बताया कि यह आरक्षक क्रिकेट के सटोरिये पर दबाव बनाकर रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था लेकिन उसने लोकयुक्त की टीम देख दौड़ लगा दी थी और रिश्वत की राशि 25,000 रूपये आसिफ को थमा दी थी।

परिहार ने इस बात की भी पुष्टि की कि आसिफ वही व्यक्ति है जिसे आरक्षक ने सात अप्रैल को लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई के दौरान थाने से भागने के बाद पैसे सौंपे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘रिश्वत की रकम बरामद नहीं की जा सकी, क्योंकि आरक्षक ने इसे आसिफ को सौंप दिया था।’’

Published : 
  • 10 April 2023, 9:06 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement