हिंदी
महराजगंज: बुधवार की शाम महराजगंज जिले के छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। गांव-कस्बों में आज छठ पूजा की धूम मची हुई है। तमाम घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और व्रती महिलाएं डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दे रही हैं।

जनपद में विभिन्न नदी, नालों व तालाबों के किनारे व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मंगल की कामना की। छठ मईया के जयकारे से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। महराजगंज शहर के साथ ही फरेंदा, नौतनवा व निचलौल सहित जिले के प्रमुख कस्बों व गांवों में भी छठ पर्व आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया।
नगर के बलिया नाला सहित अन्य स्थानों पर व्रत धारण करने वाली महिलाएं अपने परिवार के साथ पहुंचीं। उन्होंने फलों, ठेकुआ व अन्य पूजन सामग्री से भरी टोकरी, तिलक चंदन से छठ मइया का पूजन किया। पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया व डुबकी लगाकर छठ मइया से बच्चों व परिवार की खुशहाली के लिए मनौतियां मांगी। शुक्रवार को खरना के बाद निर्जला व्रत धारण करके घरों में प्रसाद बनाया। फिर चढ़ावा के रूप में सांचा व पूजन सामग्री को बांस की टोकरी व बहंगियों में रखकर अर्घ्य का सूप सजाया गया।
Published : 10 November 2021, 5:01 PM IST
Topics : Maharajganj अर्घ्य आस्था छठ पूजा महराजगंज व्रती महिलाएं