हिंदी
सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर में शनिवार दोपहर एक भाजपा नेता ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर फायरिंग कर दी। जिससे बेटी और एक बेटे की मौत हो गई। वहीं पत्नी और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो परिवार के चार सदस्य खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और फिर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बेटे-बेटी की मौत
डाइनामाइट न्यूज के मुताबिक, गंगोह के गांव सांगा-थेड़ा निवासी योगेश रोहिला भाजपा युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। योगेश ने शनिवार दोपहर लाइसेंसी पिस्टल से अपनी पत्नी नेहा और तीन बच्चों पर फायरिंग कर दी। जिससे उसकी पत्नी नेहा और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 11 वर्षीय बेटी श्रद्धा और एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस वारदात को घर के अंदर ही अंजाम दिया गया। पुलिस ने वह हथियार बरामद कर लिया है जिससे गोली चलाई गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि गोली लगने से एक बेटी और एक बेटे की मौत हो गई है। बाकी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बच्चों और पत्नी को मारी गोली
भाजपा नेता ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से इस वारदात को अंजाम दिया। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। जब तक लोग अंदर पहुंचे, तब तक भाजपा नेता ने अपने बच्चों और पत्नी को गोली मार दी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची, तब तक एक लड़की यानी भाजपा नेता की बेटी की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी और दोनों बेटों को पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया।
Published : 22 March 2025, 4:36 PM IST
Topics : BJP leader BJP news Dynamite News Latest News saharanpur crime Saharanpur News up crime UP News