हिंदी
पटना: बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले है। चुनाव से ठीक पहले बिहार में आज बुधवार शाम को नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। बिहार में आधा दर्जन चेहरों को मंत्री बनाया जा सकता है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार बिहार में कैबिनेट विस्तार से ठीक पहले दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे नई सियासी अटकलें लगने लगी है।
बिहार कैबिनेट का विस्तार आज शाम 4 बजे होगा। आधा दर्जन से अधिक विधायकों को नीतीश कैबिनेट में मंत्री के रूप में एंट्री मिल सकती है।
कैबिनेट में जिन नये विधायकों को जगह मिल सकती है, उनमें संजय सरावगी, राजू यादव, अवधेश पटेल, तार किशोर प्रसाद मुख्य रूप से शामिल है। इनके अलावा कुछ अन्य विधायकों को भी मंत्री बनाया जा सकता है।
सूत्रों से मिली खबर के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव के पहले जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए यह कैबिनेट विस्तार किया जा रहा है। हर वर्ग के नेताओं को प्रतिनिधित्व देने के लिए कैबिनेट में एडजस्ट करने की पहल की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो कैबिनेट विस्तार में अगड़ी जाति से दो मंत्री बन सकते हैं। राजपूत और भूमिहार जाति से एक-एक मंत्री बनाए जाने की संभावना है। वहीं अति पिछड़ा से दो लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। तेली जाति से एक मंत्री बनना लगभग तय है। पिछड़ा समाज से भी एक मंत्री बन सकता है।
सूत्रों के अनुसार अगर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से सहमति मिलती है तो आज शाम तक नीतीश सरकार के कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।
बता दें कि 28 फरवरी से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो रहा है। उसके पहले 25 फरवरी को अचानक नीतीश कुमार मंत्रिपरिषद् की बैठक हुई तो यह मान लिया गया कि अब अगले बजट को लेकर सरकार तैयारी में है।
इस बीच 26 फरवरी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पहली बार अपने मुंह से कह दिया कि वह 'एक व्यक्ति, एक पद' के फॉर्मूले के तहत संगठन का काम करेंगे और मंत्रिपरिषद् से इस्तीफा दे देंगे।
इसके बाद ही फिज़ा में मंत्रिमंडल विस्तार की खबर तेजी से उछली। कुछ ही देर बाद जायसवाल का इस्तीफा राजभवन भी चला गया। राजभवन को पहुंचे इस्तीफे के साथ ही मंत्रिमंडल के नए सदस्यों के शपथ के लिए राज्यपाल से समय भी मांगा गया है।
Published : 26 February 2025, 10:55 AM IST
Topics : Bihar Assembly Elections Bihar Cabinet Expansion Bihar Cabinet Expansion News Bihar Political News Dilip Jaiswal resigns Nitish cabinet
No related posts found.