विकासनगर-चकराता मोटर मार्ग पर गुरुवार को आग हादसे की खबर है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

देहरादून: विकासनगर-चकराता मोटर मार्ग पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चापनू मोड़ के पास एक चलते यूटिलिटी लोडर वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में लदे परचून के सामान ने पलभर में आग पकड़ ली और सब कुछ जलकर राख हो गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। हालात की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। आग की भयावहता इतनी थी कि वह सामान तक नहीं निकाल सका।
जानकारी के अनुसार यूटिलिटी वाहन विकासनगर से सहिया की ओर जा रहा था। वाहन में सहिया क्षेत्र के दो दुकानदारों का सामान भरा हुआ था। आग लगने से वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही सहिया चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और यातायात व्यवस्था को सामान्य किया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।