हिंदी
MMA फाइटर संग्राम सिंह (Image Source: Google)
New Delhi: भारतीय फाइटर संग्राम सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जुनून और मेहनत के आगे उम्र मायने नहीं रखती। अर्जेंटीना की धरती पर उन्होंने MMA फाइट जीतकर इतिहास रच दिया और ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए। 40 साल के संग्राम सिंह ने अपने से 16 साल छोटे फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को महज 1 मिनट 45 सेकंड में हराकर बड़ी जीत दर्ज की।
यह मुकाबला ब्यून्स आयर्स में रविवार को हुआ, जहां संग्राम ने अपनी ताकत, तकनीक और अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ उन्होंने अपने MMA करियर में लगातार तीसरी जीत हासिल की और जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। इससे पहले वह जॉर्जिया और नीदरलैंड में भी जीत दर्ज कर चुके हैं।
संग्राम सिंह की यह जीत कई मायनों में खास रही। उन्होंने न सिर्फ मुकाबला जीता, बल्कि अर्जेंटीना में MMA फाइट जीतने वाले पहले भारतीय बनकर नया इतिहास भी रचा। मुकाबले की शुरुआत से ही संग्राम ने आक्रामक रुख अपनाया और जल्द ही अपने विरोधी को दबाव में ला दिया।
RCB VS CSK IPL 2026 Match Score : बैटिंग और बॉलिंग में RCB का दबदबा, CSK ढेर, लाइव रिजल्ट यहां देखें
उनकी कुश्ती की पकड़ और तकनीक ने इस फाइट में निर्णायक भूमिका निभाई। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने फ्लोरियन की किक को पकड़ा और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने चोक लगाकर विरोधी को हार मानने पर मजबूर कर दिया।
इस जीत के पीछे संग्राम सिंह की कड़ी मेहनत और संघर्ष भी छिपा है। मुकाबले से दो दिन पहले उनका वजन तय सीमा से 600 ग्राम ज्यादा था, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई थी। उन्होंने दिन-रात मेहनत कर वजन कंट्रोल किया और बेहद सीमित पानी पीकर खुद को मुकाबले के लिए तैयार किया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान वह मानसिक और शारीरिक दबाव में थे, लेकिन हार नहीं मानी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने शानदार जीत हासिल की।
जीत के बाद संग्राम सिंह ने कहा कि उनके लिए जीत-हार से ज्यादा सीखना जरूरी है। उनका मानना है कि इंसान या तो जीतता है या सीखता है। उन्होंने यह भी कहा कि पैशन की कोई उम्र नहीं होती और अगर आप ठान लें तो हर सपना पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने कोच और सपोर्ट सिस्टम को दिया। स्टेडियम में मौजूद भारतीय राजदूत और दर्शकों ने भी उनकी जीत पर जोरदार उत्साह दिखाया।
Location : New Delhi
Published : 6 April 2026, 2:44 PM IST