

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह, जिन्हें एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया में चुना गया है, ने अपनी मंगेतर और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। रिंकू ने बताया कि प्रिया के सांसद बनने के बाद दोनों के बीच बातचीत का समय कम हो गया है।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज (Img: Internet)
New Delhi: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को अगले महीने होने वाले एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। मौजूदा समय में वह उत्तर प्रदेश टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और इसी के जरिए आगामी टूर्नामेंट की तैयारी में जुटे हैं। रिंकू अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और अब वह एशिया कप में भी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। लेकिन, इसी बीच अब उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी बात की है, जहां उन्होंने बताया है कि उनकी अब मंगेतर प्रिया सरोज से बात कम होती है।
रिंकू सिंह ने कुछ महीने पहले समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से सगाई की थी। दोनों की सगाई सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रही थी। रिंकू ने बताया कि वे और प्रिया 2022 से एक-दूसरे को जानते हैं और पहले अच्छे दोस्त थे। समय के साथ यह दोस्ती एक गहरे रिश्ते में बदल गई। अब दोनों इस साल के अंत तक शादी के बंधन में बंधने की योजना बना रहे हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में रिंकू सिंह ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि जबसे प्रिया सरोज सांसद बनी हैं, उनके बीच की बातचीत कम हो गई है। रिंकू ने कहा, "कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है, बस शुरुआत में हम खूब बातें करते थे, लेकिन अब बहुत कम हो गई हैं। वह अपना काम करती हैं, गांवों में जाती हैं, लोगों से मिलती हैं, उनकी मदद करती हैं, संसद में जाती हैं… ये सब जरूरी है।"
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज (Img: Internet)
रिंकू सिंह ने यह भी बताया कि उन्हें अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के सामाजिक कार्यों और कर्तव्यों पर गर्व है। उन्होंने कहा, “जब वह सांसद बनीं तो मुझे बहुत खुशी हुई। मैं उनके इंस्टाग्राम पर देखता हूं कि वह कितनी मेहनत करती हैं। सुबह से रात तक लोगों के बीच जाकर समस्याओं को सुनना और समाधान करना, एक सांसद के रूप में यह काम बहुत अहम है।”
रिंकू ने कहा कि दोनों अब अपने-अपने कामों में व्यस्त रहते हैं, जिससे दिनभर बात नहीं हो पाती। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ़ रात को ही बात कर पाते हैं। वह दिनभर फील्ड में होती हैं, काम में व्यस्त रहती हैं, इसलिए समय नहीं मिलता। लेकिन हम एक-दूसरे को समझते हैं और यही सबसे जरूरी है।”
रिंकू और प्रिया दोनों अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिभाशाली और प्रतिबद्ध हैं, और इनकी यह समझदारी भरे रिश्ते की मिसाल बन रही है।