
कप्तान फातिमा ने सीनियर्स पर फोड़ा ठीकरा
Birmingham: बर्मिंघम में खेले गए आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से करारी शिकस्त दी। इस हार के बाद पाकिस्तानी टीम में निराशा का माहौल है। 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मैच के बाद पाकिस्तान की युवा कप्तान फातिमा सना ने टीम के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि मैदान पर हुई गलतियां और खराब फील्डिंग टीम की हार की सबसे बड़ी वजह बनी। कप्तान ने सीनियर खिलाड़ियों की गलतियों को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी।
भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान की फील्डिंग काफी कमजोर नजर आई। कई अहम मौकों पर कैच छूटे, जिसका फायदा भारतीय बल्लेबाजों ने उठाया। कप्तान फातिमा सना ने मैच के बाद कहा कि कैच मैच का रुख बदल देते हैं, लेकिन टीम ने कई महत्वपूर्ण मौके गंवा दिए। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से ये गलतियां टीम के अनुभवी खिलाड़ियों से हुईं। फातिमा ने माना कि बड़े मुकाबलों में ऐसी छोटी गलतियां भी भारी नुकसान पहुंचा देती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले मैचों में टीम को गेंदबाजी और फील्डिंग दोनों विभागों में सुधार करना होगा।
Women’s T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान हाई-वोल्टेज मुकाबला आज, जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड
पाकिस्तानी कप्तान ने बल्लेबाजी को लेकर भी निराशा जाहिर की। उनका कहना था कि टीम ने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उसके बाद बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। उन्होंने कहा कि टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शुरुआती ओवरों में मुकाबला बराबरी पर रखा था, लेकिन बाद में बल्लेबाज दबाव में आ गए। पाकिस्तान की पारी देखते ही देखते ताश के पत्तों की तरह ढह गई और टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।
मैच के आखिरी हिस्से में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया। कप्तान फातिमा सना ने माना कि टीम अंतिम 15 ओवर तक मुकाबले में अच्छी स्थिति में थी, लेकिन बाद में कुछ अतिरिक्त रन चले गए। उन्होंने कहा कि आखिरी ओवरों में टीम दबाव संभाल नहीं पाई। इसके अलावा स्लो ओवर-रेट की वजह से पाकिस्तान को एक फील्डर 30 गज के दायरे के अंदर रखना पड़ा, जिसका असर रणनीति पर पड़ा। फातिमा ने बताया कि भारत के लेफ्ट-राइट बल्लेबाजी संयोजन की वजह से भी गेंदबाजों को समय लगा और टीम इस स्थिति से बेहतर तरीके से नहीं निपट सकी।
ICC ODI Rankings में Team India की बादशाहत कायम; पाकिस्तान को झटका, साउथ अफ्रीका टॉप-4 में
भारत के खिलाफ मिली हार के बाद पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कप्तान फातिमा सना ने भी माना कि अब टीम के सामने चुनौती काफी बड़ी है। उन्होंने कहा कि यह हार निराशाजनक है और अब आगे के मुकाबलों में हर हाल में वापसी करनी होगी। वर्ल्ड कप में अभी सफर बाकी है, लेकिन आगे की राह आसान नहीं है। पाकिस्तान को आने वाले मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है। ऐसे में टूर्नामेंट में बने रहने के लिए पाकिस्तान को अपना प्रदर्शन काफी बेहतर करना होगा।
Location : Birmingham
Published : 15 June 2026, 8:18 AM IST
Topics : Cricket News Fatima Sana ICC Women’s T20 World Cup 2026 India vs Pakistan Pakistan Women Cricket