
मिथुन मन्हास (Img: Internet)
Mumbai: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नए अध्यक्ष की घोषणा 28 सितंबर को होने वाली है। लेकिन, इस ऐलान से पहले ही पता चल गया है कि कौन इस पद को संभालने वाला है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली रणजी ट्रॉफी टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी घरेलू खिलाड़ी मिथुन मन्हास को BCCI का नया अध्यक्ष गया है, जिसका आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।
दिल्ली में हुई एक अहम बैठक में मिथुन मन्हास का नाम तय किया गया। यह फैसला तब लिया गया जब पूर्व अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने इस्तीफा दे दिया था, जिससे पिछले तीन हफ्तों से यह पद खाली पड़ा था। ऐसे में अब सब ये जरूर जानना चाहते होंगे कि आखिर ये कौन हैं?
मिथुन मन्हास का नाम भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अधिक सुना न गया हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वे एक बड़ा नाम रहे हैं। उन्होंने 1997-98 के सीजन में दिल्ली की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था और जल्द ही मिडिल ऑर्डर के मुख्य स्तंभ बन गए।
दिल्ली रणजी टीम के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास BCCI के नए अध्यक्ष बनने वाले हैं! हालांकि, 28 सितंबर को इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है। @BCCI @MithunManhas #CricketNews pic.twitter.com/JZimadLnKd
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 21, 2025
उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2007-08 का रणजी ट्रॉफी सीजन रहा, जब उन्होंने दिल्ली को 16 साल बाद रणजी खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। लगभग दो दशकों के लंबे करियर में उन्होंने 157 फर्स्ट क्लास मैचों में 9714 रन बनाए, जिसमें 27 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। करियर के अंतिम वर्षों में उन्होंने जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व भी किया और 2016 में अपना आखिरी मैच खेला।
मन्हास ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी खेला है। वे दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग में कदम रखा।
2018 में वे दिल्ली रणजी टीम के हेड कोच बने और बाद में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ भी कोचिंग स्टाफ के रूप में जुड़े। हाल ही में वे गुजरात टाइटन्स के असिस्टेंट बैटिंग कोच के रूप में काम कर रहे थे।
BCCI अध्यक्ष का पद सिर्फ खेल से नहीं, बल्कि राजनीति से भी गहराई से जुड़ा होता है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, मन्हास का नाम BCCI के वरिष्ठ अधिकारियों और सत्तारूढ़ भाजपा नेताओं के बीच विचार-विमर्श के बाद तय किया गया। यह चर्चा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भी हुई थी।
अगर मिथुन मन्हास आधिकारिक रूप से BCCI अध्यक्ष बनते हैं, तो यह पहली बार होगा जब दिल्ली के एक पूर्व रणजी खिलाड़ी को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। BCCI को दुनिया का सबसे ताकतवर क्रिकेट बोर्ड माना जाता है, ऐसे में मन्हास के लिए यह भूमिका काफी चुनौतियों और जिम्मेदारियों से भरी होगी।
वर्तमान में वे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) के प्रशासक के रूप में भी कार्यरत हैं और भारतीय घरेलू क्रिकेट में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
Location : Mumbai
Published : 21 September 2025, 11:46 AM IST
Topics : BCCI Cricket News Mithun Manhas Sports News