
हनीट्रैप में फंसा युवा क्रिकेटर (Img: AI Generated Image)
Mumbai: महाराष्ट्र के एक 20 वर्षीय उभरते क्रिकेटर के साथ साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बेंगलुरु पहुंचे खिलाड़ी को कथित तौर पर हनीट्रैप के जरिए फंसाया गया और फिर निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे गए।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 17 जुलाई की रात का बताया जा रहा है। खिलाड़ी उत्तरी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान उन्हें डेटिंग ऐप पर रशिका नाम की एक महिला का मैसेज मिला। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कुछ समय बाद महिला ने खिलाड़ी को अपना व्हाट्सएप नंबर दिया। इसके बाद बातचीत ऐप से हटकर व्हाट्सएप पर पहुंच गई।
ये भी पढ़ें- Hockey World Cup 2026: क्या 50 साल का सूखा होगा खत्म? बाबा बैद्यनाथ के दरबार से भारत की जीत की प्रार्थना
आरोप है कि व्हाट्सएप पर बातचीत के दौरान महिला ने वीडियो कॉल करने को कहा। कॉल शुरू होने के बाद महिला ने ऐसी हरकतें कीं, जिससे खिलाड़ी भी उसके झांसे में आ गए। कुछ देर बाद कॉल अचानक कट गई। जब खिलाड़ी ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो महिला ने कथित तौर पर धमकी दी कि उसने पूरी वीडियो रिकॉर्ड कर ली है। उसने वीडियो को इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहकर पैसे की मांग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में खिलाड़ी डर गए और उन्होंने आरोपी के बताए खाते में 1500 रुपये भेज दिए। लेकिन इसके बाद भी पैसों की मांग लगातार जारी रही। जब मामला बढ़ने लगा तो खिलाड़ी ने अपने दोस्तों को पूरी जानकारी दी। दोस्तों ने उन्हें समझाया कि वह सेक्सटॉर्शन यानी निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले साइबर गिरोह का शिकार हो गए हैं। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें- राष्ट्रमंडल खेल 23 से: केवल 10 स्पर्धाओं को जगह, भारतीय दल का आकार भी सिमटा, पदक बटोरना नहीं होगा आसान
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और आपत्तिजनक वीडियो बनाने जैसे आरोपों की जांच कर रही है।फिलहाल आरोपी महिला और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
Location : Mumbai
Published : 23 July 2026, 6:18 PM IST
Topics : cyber crime Honeytrap Scam Online Fraud Sports News