
MS Dhoni (Img: Google)
New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का रोमांच अपने चरम पर है और प्लेऑफ की जंग बेहद दिलचस्प हो चुकी है। इस बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के मन में सिर्फ एक ही सवाल कौंध रहा है—'थाला' यानी महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर कब उतरेंगे? सीजन शुरू होने से पहले लगी पिंडली की चोट (Calf Injury) के कारण धोनी इस सीजन के लगातार 12 मैच मिस कर चुके हैं। हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 59वें मैच में भी वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे।
लेकिन इसी बीच धोनी को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धोनी अब अपनी चोट से काफी हद तक उबर चुके हैं और लगभग पूरी तरह फिट हैं, लेकिन इसके बावजूद वह खुद जानबूझकर मैच खेलने से बच रहे हैं। इसके पीछे की वजह उनका 'सेल्फलेस' (निःस्वार्थ) अंदाज और टीम का कॉम्बिनेशन है।
शुरुआती मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार तीन मैच हारे थे, तब धोनी चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन की अगुवाई में टीम ने शानदार वापसी की और पिछले आठ में से छह मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में खुद को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है।
अब जब सीएसके की टीम लय पकड़ चुकी है और टीम का विनिंग कॉम्बिनेशन (संतुलन) पूरी तरह सेट हो चुका है, तो धोनी इस सेट संतुलन को बिगाड़ना नहीं चाहते। रिपोर्ट के मुताबिक धोनी का मानना है कि उनकी अचानक एंट्री से किसी इन-फॉर्म खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा, जिससे टीम की लय प्रभावित हो सकती है। हमेशा की तरह धोनी ने अपनी वापसी से ऊपर टीम के हित को तरजीह दी है।
यूपी में खिलाड़ियों पर मेहरबान हुई सरकार, करोड़ों के इनाम के साथ सरकारी नौकरी की गारंटी
सिर्फ मैदान पर न उतरना ही नहीं, धोनी मैच के दिनों में स्टेडियम और ड्रेसिंग रूम से भी दूर रह रहे हैं। सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने इस राज से पर्दा उठाते हुए बताया कि धोनी केवल ट्रेनिंग सेशन के दौरान युवाओं के साथ अपना अनुभव साझा करते हैं, लेकिन मैच के दिन वे होटल में ही रुकते हैं।
हसी के मुताबिक, "धोनी बहुत ज्यादा टीम ओरिएंटेड खिलाड़ी हैं। उन्हें चिंता थी कि अगर वह मैच के दिन डगआउट या स्टेडियम में दिखेंगे, तो कैमरों और फैंस का पूरा ध्यान सिर्फ उन्हीं पर रहेगा। इससे मैदान पर खेल रहे खिलाड़ियों पर बेवजह का दबाव बन सकता है। वह चाहते हैं कि टीम बिना किसी भटकाव (Distraction) के अपने खेल पर फोकस करे।"
अधिकमास 2026 आज शुरू, जानें पूरे महीने के खास व्रत-त्योहार और पूजा करने का शुभ समय
सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन और कोच हसी के बयानों से यह साफ है कि धोनी की रिकवरी बहुत शानदार रही है और वे नेट्स पर दौड़ लगा रहे हैं। लखनऊ दौरे पर भी वे टीम के साथ फ्लाइट में गए थे, जिससे उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। अब लीग स्टेज के केवल दो मैच बचे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि चेन्नई प्लेऑफ के लिए अपनी जगह पूरी तरह पक्की कर लेती है, तो धोनी फैंस को सरप्राइज देने के लिए आखिरी लीग मैच या प्लेऑफ के मुकाबलों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतर सकते हैं। फिलहाल, फैंस को अपने इस चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
Location : New Delhi
Published : 17 May 2026, 2:24 PM IST
Topics : Chennai Super Kings CSK IPL 2026 MS Dhoni