Birthday Special: अपनी मेहनत और बेहतरीन गेंदबाजी से Perfect-10 बने अनिल कुंबले

पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले का आज जन्मदिन है। कुंबले ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। आइए जानते हैं अनिल कुंबले के सफरनामे के बारे में।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 17 October 2026, 1:25 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपनी खास पहचान बनाने वाले पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले का जन्मदिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक खास अवसर है। अपनी शानदार गेंदबाजी, अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले कुंबले ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

अनिल कुंबले का जन्म 17 अक्टूबर 1970 को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुआ था। उनके जन्मदिन के अवसर पर क्रिकेट जगत के प्रशंसक उनके शानदार करियर और भारतीय क्रिकेट टीम में दिए गए योगदान को याद करते है।

बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव था। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से इस खेल में अपनी पहचान बनाई। उनकी गेंद बाजी की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह लगातार सही जगह पर गेंद डालते थे और बल्लेबाज़ों को गलती पर मजबूर कर देते थे। उनकी इसी प्रतिभा के कारण उन्हें जंबो नाम से जाना जाने लगा।

एक पारी में सभी 10 विकेट लेकर रचा इतिहास

अनिल कुंबले के करियर की यादगार उपलब्धियों में से एक 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला गया टेस्ट मैच है। इस मुकाबले में उन्होंने पाकिस्तान की दूसरी पारी के सभी 10 विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। वह टेस्ट विकेट की एक पारी में 10 विकेट लेने वाले दुनिया के केवल दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले यह कारनामा इग्लैंड के जिम लेकर ने किया था। कुंबले ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 619 टेस्ट विकेट और 337 एकदिवसीय विकेट हासिल किए। वह टेस्ट क्रिकेट भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज है। उनकी यह उपलब्धि आज युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।

कप्तान के रुप में भी निभाई अहम भूमिका

अनिल कुंबले ने भारतीय टीम की कप्तानी भी की। उन्होंने मैदान पर हमेशा धैर्य, अनुशासन और टीम भावना को महत्व दिया। वर्ष 2008 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट के दौरान चोटिल होने के बावजूद मैदान पर उतरना उनका साहस और देश के प्रति समर्पण का उदाहरण बना। क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहे। उन्होंने भारतीय कोच के रुप में भी मुख्य भूमिका निभाई और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं अनिल कुंबले

अनिल कुंबले का जीवन बताता है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रयास करने से मिलती है। उन्होंने अपनी उपलब्धियों से भारतीय क्रिकेट का नाम रौशन किया। उनकी कहानी आने वाली पीढ़ियों को अपने सपनों के प्रति रहने समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।

Location :  New Delhi

Published :  17 October 2026, 1:25 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement