हिंदी
यूपी में कोहरे के दोरान योगी सरकार का बड़ा एक्शन (Image Source: Internet )
Lucknow: उत्तर प्रदेश में सर्दियों के दौरान घने कोहरे और शीतलहर के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। खास तौर पर दुर्घटना संभावित स्थानों के आसपास एंबुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन और रेस्क्यू वाहन पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है, ताकि हादसा होने पर घायलों को समय पर मदद मिल सके।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि सड़क सुरक्षा इंतजामों की नियमित जांच की जाए और कमियां सामने आने पर उन्हें तत्काल दूर किया जाए।
सर्दियों में कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सामने चल रहे वाहन, सड़क की सीमा और मोड़ का अंदाजा लगाने में परेशानी हो सकती है। इसी खतरे को देखते हुए प्रशासन ने दुर्घटना रोकने और आपात स्थिति में राहत पहुंचाने की तैयारी शुरू की है।
राहत आयुक्त ने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ एक्सप्रेसवे पर लगे रिफ्लेक्टिव चिह्नों, कैट्स आई, दिशासूचक बोर्ड और अन्य यातायात संकेतकों की नियमित जांच करने को कहा है। सड़क की किनारी और बीच में बनी सफेद पट्टियों को भी स्पष्ट रखने के निर्देश दिए गए हैं। धूल से ढकी, मिट चुकी या उखड़ी पट्टियों का तत्काल नवीनीकरण कराया जाएगा।
इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य घने कोहरे में वाहन चालकों को सड़क की दिशा और सीमा समझने में मदद करना है। प्रमुख चौराहों, तिराहों, क्रॉसिंग, मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग तथा यातायात संकेतकों को भी दुरुस्त रखा जाएगा। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक और गति सीमा से संबंधित बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि चालक संभावित खतरे को समय रहते पहचान सकें।
प्रशासन का जोर केवल संकेतक लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी स्थिति की नियमित निगरानी करने पर भी है। यदि कोई संकेतक खराब या अस्पष्ट मिलता है, तो उसे जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले अनफिट वाहनों और जुगाड़ से बनाए गए असुरक्षित वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से जांच और कार्रवाई करेंगे, ताकि ऐसे वाहनों से होने वाले संभावित हादसों को रोका जा सके।
इसके साथ ही वाहन चालकों को फॉग लाइट और रिफ्लेक्टिव टेप के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जाएगा। चालकों से कहा जाएगा कि वे कोहरे में गति नियंत्रित रखें, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और सड़क पर लगे चेतावनी संकेतों का पालन करें।
Deoria News: बच्चों के साथ मिड-डे मील खाने बैठ गए DM-SP! स्कूल में अचानक पहुंचकर परखी गुणवत्ता
राहत आयुक्त ने विशेष रूप से घने कोहरे के दौरान दृश्यता के अनुसार वाहन चलाने और जरूरत के मुताबिक यातायात प्रबंधन के उपाय अपनाने पर जोर दिया है। कम दृश्यता में तेज गति और दूसरे वाहन से कम दूरी बनाए रखना दुर्घटना का जोखिम बढ़ा सकता है।
संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी सुरक्षा इंतजामों की नियमित जांच करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की अपील है कि वाहन चालक सर्दियों में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।
Location : Lucknow
Published : 17 October 2026, 2:55 PM IST