Site icon Hindi Dynamite News

वर्ल्ड चैंपियन बेटियों पर जमकर बरसेगा पैसा, BCCI ने किया इतने करोड़ देने का ऐलान

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए ₹51 करोड़ की इनामी राशि की घोषणा की।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
वर्ल्ड चैंपियन बेटियों पर जमकर बरसेगा पैसा, BCCI ने किया इतने करोड़ देने का ऐलान

Mumbai: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि दक्षिण अफ्रीका का खिताब जीतने का सपना टूट गया।

फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, बल्लेबाजों ने ठोस पारी खेली और गेंदबाजों ने अपने अनुशासित प्रदर्शन से विपक्षी टीम को दबाव में रखा। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के गौरवशाली नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

BCCI ने टीम पर बरसाई इनामों की बारिश

भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ पर इनामों की बरसात हो रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया की मेहनत और उपलब्धि को सम्मानित करते हुए 51 करोड़ रुपये की इनामी राशि की घोषणा की है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस घोषणा की पुष्टि करते हुए कहा कि यह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि है। उन्होंने बताया कि इस इनाम का उद्देश्य खिलाड़ियों के प्रयासों को सम्मान देना और महिला क्रिकेट को और अधिक सशक्त बनाना है।

देवजीत सैकिया ने की कप्तान की तारीफ

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “कपिल देव ने 1983 में भारत को विश्व कप जिताकर भारतीय क्रिकेट को नई ऊर्जा और प्रेरणा दी थी। अब, हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने उसी जोश और जज़्बे को फिर से जगा दिया है। उन्होंने न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि पूरे देश का दिल भी जीत लिया।”

यह भी पढ़ें- शेफाली वर्मा दुनिया की नई स्टार: कुल 21 की आयु में बनीं विश्व की ऐसी पहली खिलाड़ी, इतिहास के पन्नों पर लिखी जीत

सैकिया ने इस जीत को भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे गौरवशाली पलों में से एक बताया और कहा कि यह सफलता भविष्य की महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

ICC और जय शाह का आभार

देवजीत सैकिया ने आईसीसी (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के अध्यक्ष और पूर्व बीसीसीआई सचिव जय शाह का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि जय शाह के नेतृत्व में महिला क्रिकेट में कई ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, जिनमें वेतन समानता, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार, और महिला टूर्नामेंट्स के लिए निवेश बढ़ाना शामिल है।
सैकिया ने बताया कि हाल ही में महिला विश्व कप की पुरस्कार राशि में 300 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। यह राशि 2.88 मिलियन डॉलर से बढ़कर लगभग 14 मिलियन डॉलर कर दी गई है, जिससे महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बड़ा प्रोत्साहन मिला है।

यह भी पढ़ें- भारत की बेटियां अब दुनिया की रानी: भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, पहली बार बनी वनडे विश्व कप चैंपियन

भारत को ICC से मिली रिकॉर्ड पुरस्कार राशि

खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम को आईसीसी की ओर से 4.48 मिलियन डॉलर (लगभग ₹40 करोड़) की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई, जो महिला क्रिकेट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी राशि है। आईसीसी ने महिला विश्व कप 2025 के लिए कुल 13.88 मिलियन डॉलर (लगभग ₹123 करोड़) की पुरस्कार राशि वितरित की, यह 2022 संस्करण की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है।

Exit mobile version