Hockey Asia Cup 2025: भारत ने चीन को हराकर की विजयी शुरुआत, जानें अब किससे होगी भिड़ंत

राजगीर में शुरू हुए हॉकी एशिया कप 2025 के उद्घाटन मुकाबले में भारत ने चीन को 4-3 से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। अब भारत का दूसरा मुकाबला 31 अगस्त को जापान के खिलाफ होना है।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 30 August 2025, 9:51 AM IST
google-preferred

Rajgir: बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में हॉकी एशिया कप 2025 का भव्य आगाज हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्रॉफी का अनावरण करके किया। यह पहली बार है जब एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी बिहार को मिली है। उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद भारत और चीन के बीच पहला मुकाबला खेला गया, जिसमें भारत ने 4-3 से जीत दर्ज की।

भारत की विजयी शुरुआत

इस मुकाबले में भारतीय टीम कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए, जबकि जुगराज सिंह ने एक गोल दागा। सभी गोल ड्रैग फ्लिक से किए गए। चीन की ओर से चेन बेनहाई, गाओ जियाशेंग और डू शिहाओ ने एक-एक गोल किया। इस जीत से भारत ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है।

शुरुआत चीन के नाम

हॉकी एशिया कप 2025 में मैच की शुरुआत में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया और एक मौका बनाया, लेकिन रेफरी ने तीसरे अंपायर से जांच के बाद उसे फाउल करार दिया। इसके तुरंत बाद चीन के डू शिहाओ ने ड्रैग फ्लिक पर गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

दूसरा क्वार्टर में हुआ भारत की वापसी

दूसरे क्वार्टर में भारत ने जबरदस्त वापसी की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने ड्रैग फ्लिक के जरिए दो गोल दागे और भारत को हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त दिला दी। इस दौरान भारतीय मिडफील्ड और डिफेंस ने भी शानदार तालमेल दिखाया।

तीसरा क्वार्टर में स्कोर बराबर

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने एक और गोल कर बढ़त को 3-1 किया, लेकिन चीन ने पलटवार करते हुए दो गोल दाग दिए। चेन बेनहाई और गाओ जियाशेंग के गोलों से चीन ने स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इस क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला।

चौथा क्वार्टर में शानदार जीत

मैच के अंतिम क्वार्टर में भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत को 4-3 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के तमाम हमलों को नाकाम किया और जीत सुनिश्चित की।

जापान से अगली चुनौती

भारत का अब अगला मुकाबला जापान के खिलाफ होना है। यह मैच काफी रोमांचक होने वाला है। जापान भी एक मजबूत टीम है, ऐसे में भारतीय टीम को कड़ी चुनौती मिल सकती है।

ग्रुप ए और ग्रुप बी

भारत और चीन को पूल ए में जापान और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है। वहीं, पूल बी में दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं।

 

Location : 
  • Rajgir

Published : 
  • 30 August 2025, 9:51 AM IST

Advertisement
Advertisement