
हरमनप्रीत ने लिया इन खिलाड़ियों का नाम
Edgbaston: एजबेस्टन में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रनों का मजबूत लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 106 रन पर ढेर हो गई। भारत की इस शानदार जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के कई खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने खासतौर पर स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष को जीत का अहम हिस्सा बताया।
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टीम ने जिस तरह से दबाव वाले मुकाबले में प्रदर्शन किया, वह काफी शानदार रहा। हरमन ने भारतीय फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस जीत से पूरी टीम खुश है। उन्होंने स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन की तारीफ की। इसके साथ ही ऋचा घोष को लेकर भी कप्तान ने खास बात कही।
हरमनप्रीत कौर का अनोखा अंदाज, विश्व विजेता बनने के बाद हाथ पर बनाया खास टैटू- देखें Photo
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत आसान नहीं रही थी। शुरुआती विकेट गिरने के बाद टीम पर दबाव बन गया था, लेकिन स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाल लिया। मंधाना ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 44 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली और टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
भारत की पारी को बड़ा स्कोर तक पहुंचाने में ऋचा घोष का योगदान भी बेहद अहम रहा। उन्होंने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया। ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी इस पारी की वजह से भारत 170 रन के आंकड़े तक पहुंच पाया और पाकिस्तान के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा हुआ।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नजरें श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने पर, जानिये मैच की खास बातें
जहां बल्लेबाजों ने भारत को मजबूत शुरुआत दी, वहीं गेंदबाजों ने भी अपना काम बखूबी निभाया। दीप्ति शर्मा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दीप्ति ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन खर्च करते हुए 5 पाकिस्तानी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी किफायती और प्रभावशाली गेंदबाजी ने पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने का मौका नहीं दिया।
हरमनप्रीत कौर ने टीम की फील्डिंग की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में कैच और फील्डिंग का बहुत बड़ा महत्व होता है। उन्होंने कहा कि टीम ने मैदान पर जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे वह काफी खुश हैं। कप्तान ने माना कि वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में हर मुकाबला अहम होता है और इस जीत से आगे के मैचों में टीम को काफी आत्मविश्वास मिलेगा। भारत की इस जीत ने टूर्नामेंट में टीम इंडिया के इरादे साफ कर दिए हैं। अब नजरें आगे के मुकाबलों पर हैं, जहां भारतीय टीम इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी।
Location : Edgbaston
Published : 15 June 2026, 8:32 AM IST
Topics : Harmanpreet Kaur ICC Women’s T20 World Cup 2026 India vs Pakistan Smriti Mandhana Team India Women