राजस्थान रॉयल्स के अमन राव का धमाका, तेलंगाना टी20 लीग में सबसे तेज भारतीय शतक का रिकॉर्ड

तेलंगाना टी20 लीग में वारंगल वॉरियर्स के कप्तान अमन राव पेराला ने मेडक फाल्कन्स के खिलाफ सिर्फ 32 गेंद में शतक जड़कर नया इतिहास रच दिया। उन्होंने 48 गेंदों पर 142 रन की विस्फोटक पारी खेली और वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टी20 लीग रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Updated : 23 June 2026, 9:37 AM IST
google-preferred

New Delhi: राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी में एक और युवा बल्लेबाज के रूप में नया सितारा उभरता दिखाई दे रहा है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बाद अब 22 वर्षीय अमन राव पेराला ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरी हैं। तेलंगाना टी20 लीग में वारंगल वॉरियर्स के कप्तान अमन राव ने ऐसी पारी खेली, जिसने भारतीय घरेलू टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में उनका नाम दर्ज करा दिया।

32 गेंद में शतक, बना नया रिकॉर्ड

सोमवार (22 जून 2026) को मेडक फाल्कन्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अमन राव पेराला ने महज 32 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय घरेलू टी20 लीग में सबसे तेज शतक लगाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह किसी भी भारतीय द्वारा किसी भारतीय टी20 लीग में लगाया गया सबसे तेज शतक भी है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के ही युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था। अमन ने उस उपलब्धि को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।

Cricket: पाक क्रिकेट टीम को नया कोच, बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट टीस घोषित, मसूद बने कप्तान

48 गेंदों में 142 रन की तूफानी पारी

अमन राव यहीं नहीं रुके। उन्होंने पूरे मैच में आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए केवल 48 गेंदों पर 142 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी का स्ट्राइक रेट 295.83 रहा। अमन ने अपनी पारी में 13 शानदार छक्के और 12 चौके लगाए। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर वारंगल वॉरियर्स को मजबूत स्थिति मिली और क्रिकेट जगत का ध्यान उनकी ओर खींचा।

भारतीय टी20 लीग में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय

अमन राव पेराला की यह पारी भारतीय टी20 लीग इतिहास की सबसे तेज भारतीय शतकीय पारियों में शीर्ष पर पहुंच गई है। सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची इस प्रकार है—

अमन राव पेराला - 32 गेंद (तेलंगाना टी20 लीग)
वैभव सूर्यवंशी - 35 गेंद (आईपीएल 2025, राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस)
वैभव सूर्यवंशी - 36 गेंद (आईपीएल 2026, राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद)
युसुफ पठान - 37 गेंद (आईपीएल, राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस)
प्रियांश आर्या - 39 गेंद (आईपीएल 2025, पंजाब किंग्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स)

हालांकि इस सूची में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के रिकॉर्ड शामिल नहीं हैं।

Cricketers की Actress Wives की कमाई का हुआ खुलासा, जानिए अनुष्का से अथिया तक किसकी कितनी है दौलत?

क्रिस गेल का रिकॉर्ड अब भी बरकरार

अगर सभी भारतीय टी20 लीगों की बात करें तो सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब भी क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने आईपीएल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए सिर्फ 30 गेंदों में शतक लगाया था। अमन राव इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड से केवल दो गेंद पीछे रह गए।

राजस्थान रॉयल्स ने जताई खुशी

अमन राव पेराला पहले से ही राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में राजस्थान ने उन्हें उनके 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। हालांकि पूरे सीजन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल सका।

अब तेलंगाना टी20 लीग में उनके धमाकेदार प्रदर्शन के बाद राजस्थान रॉयल्स ने भी लगातार कई पोस्ट शेयर कर खुशी जाहिर की। फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम का नया “दानव” बताते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में अमन राव पेराला राजस्थान रॉयल्स के लिए एक बड़े मैच विजेता खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  23 June 2026, 9:37 AM IST

Advertisement