Digital Arrest पर कंबोडिया में भारत की बड़ी कार्रवाई, कई भारतीयों समेत 3000 से अधिक गिरफ्तार, जानें पूरा अपडेट

डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ भारत सरकार के निर्देशों पर कंबोडिया में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस एक्शन के बाद 3000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Updated : 23 July 2025, 9:15 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: सोशल मीडिया के साथ-साथ ऑनलाइन रहना हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हो चुका है लेकिन इसके साथ चुनौतियां भी बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर क्राइम के साथ इन दिनों डिजिटल अरेस्ट का ट्रेंड देश और दुनिया में तेजी से बढ़ता जा रहा है। अब डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ भारत सरकार द्वारा एक बड़ी कार्रवाई करने की खबर है।

ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

भारत सरकार के निर्देशों पर कंबोडिया में डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। इस एक्शन के तहत 3000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 105 से अधिक भारतीय शामिल है।

जानकारी के मुताबिक गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के निर्देशों पर कंबोडिया में डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।

ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर निर्दोषों का फंसाने का काम

सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को लंबे समय से यह सूचना मिल रही थी कि डिजिटल अरेस्ट का यह गोरखधंधा कंबोडिया से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। लोगों को नौकरी का झांसा देकर कंबोडिया ले जाया या भेजा जाता था और उनको ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर निर्दोषों का फंसाने का काम करवाया जाता था। हालांकि अभी तक गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और भारत सरकार की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है। लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक कंबोडिया में यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई।

कंबोडिया के अलावा अन्य देशों से भी जुड़े

माना जा रहा है कि गिरफ्तार किये गये भारतीयों को भारत लाया जायेगा औऱ उनसे कड़ी पूछताछ की जायेगी, जिसके बाद इस गोरखधंधे से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। इसके साथ ही यह भी माना जा रहा है कि इस गोरखधंधे के तार कंबोडिया के अलावा अन्य देशों से भी जुड़े हो सकते हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 23 July 2025, 9:15 PM IST