राजस्थान: जयपुर में 100 फीट ऊंची गिरी पत्थर की खदान, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली दबे, जानें पूरा अपडेट

जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में दादर बावड़ी डूंगरी की पत्थर खदान ढह गई। 100 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टानों के नीचे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली दब गईं। हादसे में चालक सरदार मल गुर्जर घायल हुआ, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 January 2026, 11:28 AM IST

Jaipur: राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में आज सुबह एक गंभीर खनन हादसा सामने आया है, जहां दादर बावड़ी डूंगरी इलाके में स्थित पत्थर की खदान अचानक ढह गई। करीब 100 फीट ऊंचाई से भारी चट्टानें नीचे आ गिरीं, जिनके नीचे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली दब गईं। हादसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह 8 बजे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर भरने के लिए खदान पर पहुंची थीं। पत्थर लोडिंग का काम चल ही रहा था कि अचानक खदान की दीवार ढह गई। ऊपर से तेजी से गिरती चट्टानों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। भारी पत्थरों की आवाज और धूल के गुबार से कुछ देर के लिए दृश्यता भी कम हो गई।

जान बचाने के लिए भागे मजदूर

चट्टानों को गिरते देख वहां मौजूद दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर और दो मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। इस दौरान एक चालक समय रहते बाहर नहीं निकल सका और पत्थरों के नीचे दब गया। अन्य साथियों ने जोखिम उठाकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को बाहर निकाला।

रईसजादों की जयपुर में नशे और रफ्तार की कॉकटेल, ऑडी से 18 को रौंदा

घायल की पहचान और हालत

पत्थरों के नीचे दबने से घायल हुए चालक की पहचान सरदार मल गुर्जर (34) के रूप में हुई है। हादसे में उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक जांच में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार को सूचना दी गई।

पुलिस और एम्बुलेंस की त्वरित कार्रवाई

खदान ढहने की सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चेतक वाहन में तैनात कॉन्स्टेबल राजकुमार ने एम्बुलेंस की मदद से घायल सरदार मल गुर्जर को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर अन्य संभावित जोखिमों को देखते हुए आवाजाही सीमित कर दी।

हेड कॉन्स्टेबल का बयान

हेड कॉन्स्टेबल निरंजन ने बताया कि हादसा दादर बावड़ी इलाके की खदान में हुआ, जहां पत्थर भरने का काम चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर खदान की ढलान कमजोर होने से ढहने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं।

जयपुर में रफ्तार का कहर: ऑडी कार ने लोगों को रौंदा, एक की मौत, 15 की हालत नाजुक

सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खदानों में अक्सर पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं अपनाए जाते। प्रशासन से मांग की जा रही है कि खदानों की नियमित जांच हो और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Location : 
  • Jaipur

Published : 
  • 22 January 2026, 11:28 AM IST