सिरसा में खूनी इश्क: शादी की बात करने के बहाने प्रेमिका ने बुलाया, सगे और चचेरे भाई ने चाकू से गोदकर की प्रेमी की हत्या

सिरसा की संजय कॉलोनी में प्रेम प्रसंग के चलते 19 वर्षीय संदीप की चाकू से गोदकर हत्या। प्रेमिका के भाइयों ने शादी की बात करने के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने जतिन और काकू के खिलाफ केस दर्ज किया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 10 June 2026, 10:28 AM IST

Sirsa: हरियाणा के सिरसा शहर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां की संजय कॉलोनी में एक 19 वर्षीय युवक संदीप की प्रेम प्रसंग के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप युवक की प्रेमिका के भाइयों पर लगा है।

आरोप है कि लड़की के भाइयों ने सोची-समझी साजिश के तहत पहले अपनी बहन से फोन करवाकर संदीप को शादी की बात करने के बहाने बाहर बुलाया और फिर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

शादी की बात करने के बहाने रचा मौत का जाल

जानकारी के अनुसार, सिरसा के एकता नगर का रहने वाला 19 वर्षीय संदीप शहर की 'बॉम्बे वाली गली' में स्थित एक दुकान पर काम करता था। वहीं, वाल्मीकि मोहल्ला की रहने वाली एक युवती भी बाजार में ही काम करती थी। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे।

दोनों के इस प्रेम प्रसंग के बारे में युवती के परिवार वालों को काफी समय से जानकारी थी और वे इस रिश्ते के खिलाफ थे। प्रेमिका के भाइयों ने संदीप को रास्ते से हटाने के लिए अपनी बहन का इस्तेमाल किया और एक खौफनाक साजिश रची।

हरियाणा में अफसरों के तबादलों का राउंड 2: दो दिनों में दूसरा बड़ा फेरबदल, 21 अधिकारियों के ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट

दुर्गा मंदिर के सामने चाकुओं से गोद डाला

सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे युवती ने संदीप को फोन किया और कहा कि उसका भाई उन दोनों की शादी को लेकर बात करना चाहता है, इसलिए वे मिलने आएं। अपनी शादी की बात सुनकर संदीप खुश हो गया और अपने पिता के मोबाइल पर युवती से बात करते हुए अपने घर से महज 200 मीटर दूर दुर्गा मंदिर के सामने पहुंच गया।

संदीप वहाँ जैसे ही पहुँचा, पहले से घात लगाए बैठे युवती के सगे भाई जतिन और चचेरे भाई काकू ने उस पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने संदीप के हाथ, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया केस

दुर्गा मंदिर के सामने संदीप को तड़पता देख राहगीरों और आस-पड़ोस के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना उसके परिवार को दी और उसे नागरिक अस्पताल पहुँचाया। संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए।

ऋषिकेश में बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, हरियाणा के युवकों को भीड़ ने घेरकर पीटा

लेकिन गहरे घावों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे संदीप की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर युवती के सगे भाई जतिन और चचेरे भाई काकू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Location :  Sirsa

Published :  10 June 2026, 10:27 AM IST