
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Safidon: युवाओं में विदेश जाकर पढ़ाई या नौकरी करने की चाहत लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसी सपने का फायदा उठाकर जालसाज उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं। हरियाणा के सफीदों क्षेत्र के गांव निम्नाबाद से ऐसा ही एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है।
यहां एक युवती को विदेश भेजने के नाम पर उसके ही पुराने परिचित ने 25 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित युवती शोभनीत कौर वर्ष 2018 में सफीदों के एक निजी स्कूल में पढ़ाई करती थी। उसी दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर (गांव लिपस) का रहने वाला प्रभजोत भी वहां आया करता था, जिससे दोनों की पहचान हुई।
हरियाणा से बिहार ले जा रही अवैध शराब पकड़ी, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सालों बाद, वर्ष 2025 में आरोपी प्रभजोत ने इंस्टाग्राम के ज़रिए युवती से दोबारा संपर्क किया। उसने दावा किया कि उसकी अपनी एक कंपनी है जो युवाओं को कानूनी तरीके से विदेश भेजने का काम करती है।
युवती और उसकी मां ने आरोपी पर भरोसा करते हुए विदेश भेजने की बात तय की। सौदा 25 लाख रुपये में पक्का हुआ। पीड़ित माँ लवप्रीत कौर के मुताबिक, उन्होंने अप्रैल 2025 के दौरान अलग-अलग किस्तों में पूरे 25 लाख रुपये आरोपी के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए और सभी जरूरी दस्तावेज सौंप दिए। 16 अप्रैल को आरोपी ने फोन करके कहा कि युवती की उसी रात दिल्ली से फ्लाइट है। परिवार खुशी-खुशी दिल्ली पहुँचा, लेकिन वहाँ पहुँचते ही आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया।
NEET-UG 2026 का रिजल्ट घोषित, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब और हरियाणा के छात्र बने टॉपर
अचानक फोन बंद होने से परेशान पीड़ित परिवार को पूरी रात दिल्ली के एक गुरुद्वारे में गुजारनी पड़ी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी के घर जाकर पंचायत भी कराई, लेकिन न तो रुपये वापस मिले और न ही युवती को विदेश भेजा गया।
उल्टा आरोपी ने पैसे मांगने पर परिजनों को धमकियां देनी शुरू कर दीं। सदर थाना सफीदों पुलिस ने मां की शिकायत पर आरोपी प्रभजोत के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Safidon
Published : 3 August 2026, 1:47 PM IST