सुधर जाऊंगा कहकर मायके से लाया, फिर नशे में धुत पति ने उजाड़ दी तीन जिंदगियां, खौफनाक वारदात देख कांप उठी पुलिस

लुधियाना में नशे की लत ने फिर एक परिवार तबाह कर दिया। झगड़े से तंग आकर मायके गई 3 महीने की गर्भवती हरप्रीत को पति नशा छोड़ने का झांसा देकर लाया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति और दादा को हिरासत में लिया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 8 September 2026, 12:14 PM IST

Ludhiana: पंजाब में पैर पसार चुका चिट्टे का नशा अब हंसते-खेलते परिवारों का काल बन रहा है। लुधियाना जिले के गांव बुर्ज लिट्टां में नशे की लत ने एक और खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। यहां 25 वर्षीय हरप्रीत कौर को क्या पता था कि जिस पति पर भरोसा करके वह अपने मायके से लौटी थी, वही उसकी और उसके पेट में पल रहे तीन महीने के मासूम बच्चे की जान ले लेगा।

'सुधर जाऊंगा' का दिया झांसा, फिर रात को ही ली जान

परिजनों के मुताबिक, हरप्रीत का पति जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा नशे का आदी था और आए दिन घर में क्लेश करता था। प्रताड़ना से तंग आकर हरप्रीत अपने मायके चली गई थी।

रविवार को जसप्रीत बड़े-बड़े वादे करके और नशा छोड़ने का झांसा देकर उसे वापस घर ले आया। लेकिन सोमवार की रात नशे में धुत होकर घर पहुंचे जसप्रीत ने हरप्रीत के साथ दरिंदगी की हदें पार कर दीं। मारपीट के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या को खुदकुशी का रूप देने की नाकाम कोशिश

घटना के बाद आरोपी ने मामले को खुदकुशी में बदलने की कोशिश की, लेकिन मृतका के शरीर पर मौजूद गंभीर चोट के निशानों ने पोल खोल दी। परिजनों का सीधा सवाल है कि अगर यह खुदकुशी थी, तो शव को पंखे से नीचे किसने उतारा? सूचना मिलते ही सुधार थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति जसप्रीत और उसके दादा जोगिंदर सिंह को हिरासत में ले लिया है।

पंजाब के कपूरथला में अजूबा: 15 दिन पहले जिसकी दी अंतिम विदाई, वह जेल में मिला सुरक्षित; अब तलाश उस लाश की

सामाजिक ताने-बाने को निगल रहा चिट्टा

यह दर्दनाक हादसा सिर्फ एक पारिवारिक झगड़ा नहीं, बल्कि पंजाब के गांवों में नशे की वजह से बर्बाद हो रही जिंदगियों की जलती हुई तस्वीर है। हाल ही में संगरूर में भी नशे से तंग आकर एक बुजुर्ग की जान चली गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है।

Location :  Ludhiana

Published :  8 September 2026, 12:14 PM IST