
पीड़िता सिया का फूटा गुस्सा (Img- X)
Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम के चर्चित बाइक हिट एंड रन मामले ने अब नया सियासी और कानूनी मोड़ ले लिया है। हादसे में बाल-बाल बची पीड़िता और महिला बाइक राइडर सिया (शिवानी चौहान) ने एक नया वीडियो जारी कर आरोपी कार चालक के दावों की धज्जियां उड़ाई हैं।
सिया ने बेहद भावुक और सख्त लहजे में कहा कि हादसे के वक्त आरोपी कार सवार एक सेकंड के लिए भी यह देखने नहीं रुका कि टक्कर लगने के बाद वह जिंदा बची हैं या दम तोड़ चुकी हैं। अब सोशल मीडिया पर अपनी सफाई देकर आरोपी सिर्फ सहानुभूति बटोरने का ड्रामा कर रहा है।
कार चालक के इस दावे पर कि उसे नहीं पता था कि बाइक कोई लड़की चला रही है, सिया ने तीखा पलटवार किया। सिया ने कहा कि उन्होंने अपनी चोटी बांध रखी थी और लंबे बालों के कारण यह साफ पता चल रहा था कि बाइक एक महिला चला रही है।
सिया ने आरोपी से सीधा सवाल पूछा कि अगर उन्हें लगता था कि बाइक तेज-धीमी चल रही है, तो उसने कई किलोमीटर तक पीछा क्यों किया? सिया के मुताबिक आरोपी ने तीसरी लेन में आकर सीधे उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह दूर तक घिसटती चली गईं।
Gurgram Hit and Run: गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर से खौफनाक हरकत, कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
सिया ने घटना के समय सामने आए दोनों वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि सबूत के तौर पर ये दोनों वीडियो पर्याप्त हैं। एक वीडियो में कार के अचानक तीसरी लेन में आकर टक्कर मारने की तस्वीर साफ दिख रही है, जबकि दूसरे वीडियो (कैमरा फुटेज) में वह घिसटती हुई नजर आ रही हैं।
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए बाइक हिट एंड रन केस की पीड़िता Sia ने शेयर किया नया वीडियो और बताई अपनी आप बीती https://t.co/ALDCTwIJte pic.twitter.com/nCGJEObO0m
— India Desk News (@IndiaDeskNews) September 15, 2026
सिया ने कहा कि अगर दो-तीन सेकंड का भी फर्क हो जाता, तो उनकी हड्डियां टूट सकती थीं या मौके पर ही जान जा सकती थी। आरोपी की जिम्मेदारी थी कि वह रुकता और मदद करता, लेकिन वह मौके से गाड़ी भगा ले गया।
इस बीच पीड़िता सिया के पिता रोशन चौहान ने मामले में दिल्ली में अपना लिखित बयान दर्ज कराने की बात कही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को केवल साधारण एक्सीडेंट के रूप में न देखा जाए। जिस तरह से पीछा करके जानबूझकर टक्कर मारी गई है, वह सीधे तौर पर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और हिट-एंड-रन का मामला है।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी कॉलेज के दिनों से ही जिम्मेदारी के साथ बाइक चला रही है और समाज के सामने सच लाने के लिए ही उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है।
मामला तूल पकड़ने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस की एक टीम पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज करने के लिए दिल्ली पहुंच रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों और वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gurugram
Published : 15 September 2026, 11:18 AM IST