बेटों की प्रताड़ना से हारा पिता: बुजुर्ग ने मौत तो लगाया गले, पीछे छोड़ गया कई अनसुलझे सवाल

लुधियाना में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। परिवार के भीतर चल रहा विवाद आखिर किस मोड़ तक पहुंच गया कि एक पिता ने इतना बड़ा कदम उठा लिया?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 8 June 2026, 2:17 PM IST

Ludhiana: पंजाब के लुधियाना स्थित महावीर कॉलोनी से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों की संवेदनशीलता और पारिवारिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 70 वर्षीय गुरदेव सिंह ने कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों से परेशान होकर अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पत्नी ने लगाए बेटों पर गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी किरन देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरदेव सिंह की पहली पत्नी से दो बेटे हैं, जिनकी मां का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। दोनों बेटे पहले परिवार के साथ ही रहते थे, लेकिन उनकी कथित गलत आदतों और गतिविधियों के कारण गुरदेव सिंह ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया था।

परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद दोनों बेटे लगातार घर और संपत्ति को लेकर दबाव बना रहे थे। इस वजह से बुजुर्ग दंपति लंबे समय से मानसिक परेशानी का सामना कर रहे थे।

पीलीभीत हादसा: मौत बनकर टूटा करंट, एक झटके में उजड़ गया पूरा परिवार

संपत्ति विवाद बना तनाव की बड़ी वजह

जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटे वर्तमान में दूसरे शहर में रह रहे थे, लेकिन वे पैतृक मकान पर अधिकार जताने की कोशिश कर रहे थे। आरोप है कि इसी उद्देश्य से वे समय-समय पर अपने माता-पिता पर दबाव बनाते थे। परिजनों का कहना है कि लगातार बढ़ते विवाद, सामाजिक बदनामी की चिंता और मानसिक तनाव ने गुरदेव सिंह को अंदर तक तोड़ दिया था। परिवार के मुताबिक, यही परिस्थितियां उनके इस कठोर कदम के पीछे प्रमुख कारण बनीं।

घर की छत पर उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि 6 जून को गुरदेव सिंह ने अपने मकान की छत पर लगे गर्डर से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी झकझोर दिया है।

झारखंड की राजनीति में भूचाल! राज्यसभा की 2 सीटों पर ऐसा क्या खेल चल रहा है कि दिल्ली तक हड़कंप मच गया?

पुलिस ने दर्ज किया मामला

जमालपुर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर दोनों बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ludhiana

Published :  8 June 2026, 2:17 PM IST