
भगवंत मान कैंप ऑफिस पर CBI रेड (Img- X)
Chandigarh: पंजाब की राजनीति में उस वक्त बड़ा मोड़ आ गया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप कार्यालय समेत प्रदेश के नौ प्रमुख ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
सोमवार को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के सख्त रुख के बाद दर्ज एफआईआर के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। देर रात तक चली इस छापेमारी के दौरान डिजिटल और दस्तावेजी सबूत जब्त किए गए, जिससे राज्य में प्रशासनिक और राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शुरुआती रिपोर्ट और जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने निष्पक्ष जांच के लिए मामला सीबीआई को सौंपा था। सीबीआई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन, बिचौलिए नितिन गोहल समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी अधिकारियों के तबादलों-पोस्टिंग, नीतियों के मसौदे लीक करने, टेंडर आवंटन और प्रशासनिक मंजूरियों में कथित तौर पर बिचौलियों के जरिए आर्थिक लाभ लिया जा रहा था।
चंडीगढ़ कैंप कार्यालय में सीबीआई की कार्रवाई शाम सवा छह बजे से रात करीब 11 बजे तक लगभग पांच घंटे तक चली। इसके अलावा मोहाली, संगरूर, लुधियाना, जालंधर, गुरदासपुर और रोपड़ के मोरिंडा में भी आरोपियों के करीबियों पर छापेमारी की गई।
रेड के बाद बाहर निकले अधिकारियों के हाथों में सील लगे डिब्बे, बैग और महत्वपूर्ण फाइलों के पुलिंदे नजर आए। एजेंसी अब इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच में जुटी है।
सीबीआई की इस अचानक कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा नीत केंद्र सरकार पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर कहा कि पंजाब चुनाव की तैयारियों से भाजपा घबरा गई है और सरकार को बदनाम करने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। वहीं, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे राजनीतिक बौखलाहट बताते हुए दावा किया कि पंजाब की जनता आगामी चुनावों में 100 से अधिक सीटें जिताकर इसका करारा जवाब देगी।
एक तरफ जहां पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है, वहीं दूसरी ओर हाई कोर्ट ने सीबीआई को दो महीने के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच के इस नए दौर के साथ ही पंजाब में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होना तय है।
Location : Chandigarh
Published : 7 October 2026, 9:55 AM IST