राहुल गांधी पर मुकदमे के विरोध में महराजगंज में कांग्रेस का हल्लाबोल, सक्सेना चौक पर गरजे कार्यकर्ता

उत्तराखंड के हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में महराजगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए मुकदमा वापस लेने की मांग की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 August 2026, 7:52 PM IST

Maharajganj: उत्तराखंड के हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार को महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित सक्सेना चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने किया।

राहुल गांधी पर मुकदमे को बताया राजनीति से प्रेरित

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को राजनीति से प्रेरित बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की सरकारें राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही हैं, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

यह भी पढ़ें- Maharajganj Road Accident: फरेंदा में स्कूटी और आर्टिगा की जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार, एक की मौत

जिलाध्यक्ष बोले- राहुल गांधी के साथ खड़े हैं कार्यकर्ता

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लगातार बढ़ रही है। इसी से परेशान होकर भाजपा सरकार उन्हें मुकदमों में फंसाकर परेशान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़े हैं।

अनुसूचित समाज कांग्रेस के साथ: आलोक प्रसाद

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा कि देश का अनुसूचित समाज राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को परेशान करने के लिए राजनीतिक तरीके से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से राहुल गांधी की लोकप्रियता कम होने के बजाय और बढ़ रही है।

सड़क से संसद तक संघर्ष का ऐलान

पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और पूर्व जिलाध्यक्ष शरद सिंह बबलू ने भी राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने का विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक इस मुद्दे पर पुरजोर लड़ाई लड़ेंगे और राहुल गांधी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को देश का उभरता हुआ जननायक बताते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा परेशान है। नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

यह भी पढ़ें - Maharajganj News: छोटे शहर से BARC तक का सफर, फिर दर्दनाक अंत; युवा वैज्ञानिक ने बीमारी से हारी जंग, पिता ने दी आखिरी विदाई

कार्यक्रम का आयोजन जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह ने किया, जबकि संचालन जिला कोषाध्यक्ष कपिलदेव शुक्ला ने किया। प्रदर्शन में गोपाल शाही, नूर आलम, अम्बरीष शाही, अफजल अब्बासी, पूर्व अध्यक्ष अवनीश पाल, पूर्णमासी यादव, शंकर वर्मा, संदीप तिवारी, अकरम सुलेमानी, अकील अहमद, मनीष सिंह एडवोकेट, अरविंद कुमार और अशोक कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  31 August 2026, 7:51 PM IST