हिंदी
BARC वैज्ञानिक अमन सिंह (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज घुघली नगर के वार्ड नंबर 11 निवासी अमन सिंह देश के प्रतिष्ठित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत थे। पिछले कुछ समय से वह ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज मुंबई के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था।
परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद अमन सिंह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे, लेकिन बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार के साथ-साथ घुघली नगर और आसपास के लोगों में शोक छा गया।
अमन सिंह का पार्थिव शरीर घुघली लाया गया। शनिवार को बैकुंठी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर माहौल बेहद गमगीन रहा। पिता लक्ष्मी सिंह ने नम आंखों से अपने बेटे को मुखाग्नि दी।
अमन सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग बैकुंठी घाट पहुंचे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगर के अन्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोगों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने की बात कही।
ये भी पढ़ें: Maharajganj News: मां-भाई खेत में गए थे, घर में अकेली थी छात्रा… तभी युवक ने की ऐसी हरकत, 1090 तक पहुंचा मामला
अमन सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक संस्थान BARC में वैज्ञानिक के रूप में जगह बनाई थी। एक छोटे शहर से निकलकर देश के प्रतिष्ठित परमाणु अनुसंधान केंद्र तक पहुंचना उनकी काबिलियत और मेहनत को दिखाता है।
BARC में वैज्ञानिक के रूप में काम करना अमन सिंह के परिवार के साथ पूरे महराजगंज जिले के लिए भी गर्व की बात थी। उनकी सफलता से क्षेत्र के कई युवाओं को बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलती थी।
घुघली नगर में अमन सिंह की पहचान एक प्रतिभाशाली और मेहनती युवा के रूप में थी। कम उम्र में उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। लोगों के बीच उनकी सफलता की चर्चा अक्सर होती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमन सिंह का असमय निधन क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपनी उपलब्धियों से न केवल परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि महराजगंज जिले को भी गौरवान्वित किया।
ये भी पढ़ें: Maharajganj News: क्या तस्करों में पुलिस का खौफ खत्म? पिकअप में भरकर कैसे पहुंच रहा लाखों तस्करी का सामान
अमन सिंह के निधन से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने परिवार को सांत्वना दी और इस कठिन समय में उन्हें हिम्मत रखने की बात कही। नगरवासियों का कहना है कि इतनी कम उम्र में एक होनहार वैज्ञानिक का दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। अमन सिंह की उपलब्धियां और उनकी मेहनत लंबे समय तक लोगों को याद रहेंगी।
Location : Maharajganj
Published : 29 August 2026, 11:40 AM IST