
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हाउस अरेस्ट (Img- X)
Ayodhya: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर उबाल आ गया है। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने देर रात नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर लिया है। अजय राय मंगलवार, 30 जून को कांग्रेस के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाने वाले थे। इस यात्रा के लिए वे सोमवार, 29 जून को ही अयोध्या पहुंच गए थे और कनीगंज स्थित पद्मश्री पैलेस में ठहरे थे।
सोमवार की देर रात करीब 11:40 बजे अयोध्या पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ले गई। फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है।
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया है। यूपी कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए बताया कि अजय राय के नेतृत्व में पार्टी के सांसद और विधायक अयोध्या जा रहे थे। कांग्रेस का दावा है कि इस यात्रा से डरकर भाजपा सरकार ने कायरतापूर्ण हरकतें शुरू कर दी हैं।
अजय राय के अलावा, प्रतापगढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कुमार को भी सोमवार देर रात बिना किसी ठोस वजह के नजरबंद कर दिया गया। कांग्रेस ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल के नहीं हैं और श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने से रोकना पूरी तरह असंवैधानिक है।
अजय राय की नजरबंदी के बाद उनकी पत्नी रीना राय ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "मेरे पति की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार किसी भी हद तक गिरने को तैयार है। पुलिस उन्हें जीप में भरकर ले गई और अब हमारे कार्यकर्ताओं को गलत जानकारी देकर भटकाया जा रहा है।"
रीना राय ने आगे कहा कि 'चढ़ावा चोरों' के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और यदि उनके पति को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी इस अधर्मी भाजपा सरकार की होगी।
Akhilesh Yadav Attack: अयोध्या मामले पर अखिलेश का बीजेपी पर हमला, बोले- ‘लंका कांड’ यहीं होगा
अयोध्या जाने वाले कांग्रेस के इस वीआईपी प्रतिनिधिमंडल में कई सांसद, विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधि शामिल थे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद तनुज पूनिया, सांसद राकेश राठौर और सांसद उज्ज्वल रमण सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
इनके साथ ही विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद ए.पी. गौतम और पूर्व MLC दीपक सिंह भी इस यात्रा का हिस्सा थे। कांग्रेस ने मांग की है कि नजरबंद नेताओं को तत्काल रिहा किया जाए और उन्हें बिना किसी बाधा के प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की अनुमति दी जाए।
Location : Ayodhya
Published : 30 June 2026, 9:24 AM IST