हिंदी
अखिलेश यादव (IMG: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की सियासत में अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद और पंचायत चुनाव का मुद्दा लगातार गर्माता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इन दोनों मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार दो पोस्ट कर केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने अयोध्या से जुड़े मामले पर तंज कसते हुए इसे बीजेपी का ‘लंका कांड’ बताया और कहा कि अब कई चीजें सामने आने वाली हैं।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि “बीजेपी का लंका कांड अयोध्या में ही होगा।” उन्होंने आगे कहा कि दान और चढ़ावे से जुड़े मामले में सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े विषय में अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो उसका जवाब मिलना चाहिए। अखिलेश ने अपने अंदाज में बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के अहंकार का अंत निश्चित है। उन्होंने लिखा कि बीजेपी के लिए अमृतकाल अब काल बनकर आया है। उन्होंने सरकार के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय कहा गया था कि सरकार में इस्तीफे नहीं होते, अब जनता सवाल पूछ रही है।
सपा प्रमुख ने अपने दूसरे पोस्ट में भी बीजेपी और उससे जुड़े संगठनों पर हमला जारी रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तो कई मामलों की शुरुआत हुई है और आने वाले समय में कई खुलासे हो सकते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि अब अलग-अलग स्तरों पर जिम्मेदारी तय होगी और जिन लोगों ने गलत किया है उन्हें जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भगवान के ऑडिट से कोई बच नहीं पाएगा।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि NEET के छात्र भी सवाल पूछ रहे हैं कि जब इस्तीफे शुरू हो गए हैं तो ‘लीकाधिपति’ का भी करवा दीजिए। इस बयान के जरिए उन्होंने परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
चंदा चोरी पर आक्रोश के बीच अखिलेश यादव जाएंगे 2 दिन के प्रयागराज दौरे पर, जानिये पूरा कार्यक्रम
इससे पहले अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव को लेकर भी बीजेपी सरकार पर हमला किया था। उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले का जिक्र किया जिसमें ग्राम प्रधानों को कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रशासक बनाए रखने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए गए थे। अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी तरफ हाईकोर्ट ने सरकार के फैसले को असंवैधानिक बताया है।
Location : Lucknow
Published : 26 June 2026, 7:31 PM IST