
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Source: Dynamite News)
Lucknow: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कार्यक्रम में रानी अवंतीबाई लोधी के साहस, त्याग और बलिदान को याद किया गया। वहीं फर्रुखाबाद से पहुंचे डॉ. जेपी सिंह वर्मा के समर्थकों के काफिले ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने रानी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सम्मान में 16 अगस्त को राजकीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला। परिसर में रानी अवंतीबाई लोधी के जयकारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम में फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा-195 के प्रबल दावेदार और वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. जेपी सिंह वर्मा भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। उनके साथ करीब एक दर्जन गाड़ियों का काफिला था, जिसमें करीब एक सैकड़ा कार्यकर्ता शामिल रहे।
अखिलेश यादव ने उठाई राजकीय अवकाश की मांग
काफिले के लखनऊ पहुंचने पर समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. जेपी सिंह वर्मा ने अखिलेश यादव को चांदी का मुकुट पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
‘ससुराल’ बना श्मशान? विवाहिता का शव मिलने से सनसनी, खामोश दीवारें चीख-चीख कर दे रहीं साजिश की गवाही
डॉ. जेपी सिंह वर्मा ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी का जीवन देशभक्ति, साहस, त्याग और स्वाभिमान की मिसाल है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए विभाजन और इतिहास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, "लोग स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं और ये विभाजन का उत्सव मना रहे थे, पूरी बीजेपी बताइए क्या मना रही थी, यह विभाजनकारी लोग हैं इनका इतिहास पढ़िए आप।"#AkhileshYadav… pic.twitter.com/kvUwMwlXpa
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 16, 2026
उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जेपी सिंह वर्मा के नेतृत्व में 51 लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए पार्टी की नीतियों और समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
लखनऊ में आयोजित यह कार्यक्रम रानी अवंतीबाई लोधी के सम्मान के मुद्दे के साथ-साथ फर्रुखाबाद की राजनीति के लिहाज से भी चर्चा में रहा। अखिलेश यादव का राजकीय अवकाश से जुड़ा बयान, डॉ. जेपी सिंह वर्मा का सम्मान, समर्थकों के साथ पहुंचा काफिला और 51 लोगों का सपा में शामिल होना कार्यक्रम की प्रमुख चर्चाओं में रहा।
Location : Lucknow
Published : 16 August 2026, 4:00 PM IST