सफर होगा और भी आसान! देशवासियों को मिलने जा रहा है रेलवे का बड़ा तोहफा, 17 जुलाई को मिल सकती है खुशखबरी

Prayagraj: उत्तर मध्य रेलवे के आठ अमृत भारत स्टेशनों का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किए जाने की तैयारी है। इन स्टेशनों पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे प्रशासन तैयारियों में जुटा है और आधिकारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 July 2026, 12:18 PM IST

Prayagraj: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच उत्तर मध्य रेलवे (NCR) को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जिंद से डिजिटल माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के आठ अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुटा है और स्टेशनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रयागराज मंडल के तीन स्टेशन होंगे शामिल

उद्घाटन होने वाले आठ स्टेशनों में प्रयागराज मंडल के विंध्याचल, फतेहपुर और पनकी धाम रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा आगरा मंडल का डींग तथा झांसी मंडल के भिंड, हरपालपुर, टीकमगढ़ और महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन भी इस परियोजना का हिस्सा हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्रों के सांसदों और जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किए जाने की तैयारी है।

यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। यात्रियों के लिए अत्याधुनिक वेटिंग लाउंज, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, हाई-स्पीड वाई-फाई, स्वच्छ परिसर और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं। माना जा रहा है कि इन स्टेशनों के विकसित होने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

चुनावी माहौल में कार्यक्रम पर सभी की नजर

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस अवसर पर रेलवे और प्रदेश के विकास से जुड़ी कुछ नई घोषणाएं भी की जा सकती हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि कार्यक्रम की घोषणा के बाद ही होगी।

पार्टी चल रही थी, तभी गूंजा धमाका… लोग भागे तो बाथरूम बन गया मौत का जाल, 27 की दर्दनाक मौत

पिछले साल भी मिले थे कई आधुनिक स्टेशन

इससे पहले 22 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर मध्य रेलवे के करछना, गोविंदपुरी, ईदगाह समेत नौ अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया था। अब आठ और स्टेशनों के उद्घाटन के साथ इस योजना का विस्तार किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Location :  Prayagraj

Published :  13 July 2026, 12:18 PM IST