‘2027 में भाजपा जा रही और सपा आ रही’, फरेंदा में पूर्व मंत्री रामदुलार राजभर ने भरी हुंकार, बोले- सरकार बनी तो…

फरेंदा में सपा की पीडीए जनपंचायत में पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर ने 2027 को लेकर बड़ा दावा कर दिया। होटल गुप्ता पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में हजारों की भीड़ के बीच उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 September 2026, 6:35 PM IST
google-preferred

Pharenda: विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को समाजवादी पार्टी की पीडीए जनपंचायत और जनसभा का आयोजन किया गया। होटल गुप्ता पैलेस के ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में सपा के पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी हुई।

मुख्य सड़क पर हुआ जोरदार स्वागत

पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर के स्वागत के लिए समाजवादियों का बड़ा हुजूम मुख्य सड़क पर पहुंचा। फरेंदा के प्रमुख राम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। अचानक बड़ी संख्या में समर्थकों को देखकर कार्यक्रम स्थल के आसपास माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया। स्वागत से पूर्व मंत्री भी काफी उत्साहित दिखे। इसके बाद सभी लोग होटल गुप्ता पैलेस के ऑडिटोरियम में आयोजित पीडीए जनपंचायत और जनसभा में पहुंचे।

ये भी पढ़ें- Deoria News: देवरिया के थानों में सजा समाधान दिवस, 134 शिकायतों में से मौके पर ही इन मामलों का निपटारा

रामदुलार राजभर ने 2027 को लेकर किया बड़ा दावा

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर ने कहा कि “2027 में भाजपा जा रही है और सपा आ रही है।” उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनने का दावा करते हुए कई बड़े वादे गिनाए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर 10 लाख युवाओं को नौकरी देने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी वर्गों के लोगों को बिना आयुष्मान योजना के मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही।

पूर्व मंत्री ने कहा कि संख्या के आधार पर सभी वर्गों और जातियों की हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार के समय चलने वाली और बाद में बंद की गई योजनाओं को दोबारा शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा (Img: Dynamite News)

भाजपा पर जमकर साधा निशाना

डॉ. रामदुलार राजभर ने भाजपा सरकार पर किसान, छात्र और नौजवान विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ वादे और जुमले देकर लोगों को गुमराह करने का काम करती है। उन्होंने राजभर समाज के लोगों को भी संबोधित करते हुए भाजपा और सुभासपा नेता ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और ओमप्रकाश राजभर ने प्रदेश में राजभर समाज के किसी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया, जबकि हिस्सेदारी की बात की जाती है। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

ये भी पढ़ें- साइकिल पर निकली थी लाडली, तेज रफ्तार ट्रेलर ने छीन ली सांसे: मिर्जापुर के इस दर्दनाक हादसे ने झकझोरा परिजनों का दिल

हजारों की संख्या में पहुंचे महिला-पुरुष

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक और संचालक फरेंदा के प्रमुख राम प्रकाश सिंह रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बताते हुए कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों का आभार जताया।

कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष विद्या सागर यादव, मदन गोपाल यादव, इंजीनियर राकेश यादव, अरविंद यादव, राम ललित मौर्या, रिजवान खान, भोला गुप्ता, दिनेश यादव, गणेश केसरी, विजय बहादुर चौधरी, महेंद्र प्रजापति, प्रभाकर दूबे, बबलू यादव और मोइनुद्दीन समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  12 September 2026, 6:33 PM IST

Related News

Advertisement