Mayawati Expels BSP Leader: मायावती का बड़ा एक्शन! आकाश आनंद के ससुर के बाद इस कद्दावर नेता को निकाला बाहर

उत्तर प्रदेश की सियासत में मायावती ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के बाद अब बसपा के एक और पुराने और चर्चित नेता को पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 August 2026, 2:06 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। पार्टी प्रमुख मायावती ने एक बार फिर बड़ा फैसला लेते हुए अपनी सरकार में मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मायावती ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के चलते तत्काल प्रभाव से बसपा से बाहर किया गया है। इस कार्रवाई के बाद यूपी की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मायावती ने कार्यकर्ताओं को भी किया सतर्क

बसपा सुप्रीमो ने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी माहौल के बीच सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विरोधी दल अलग-अलग तरीकों से बसपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में सभी को पार्टी के मिशन और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करना चाहिए।

मायावती का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। पार्टी के भीतर बड़े नेताओं पर हो रही कार्रवाई को इसी चुनावी तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Ram Mandir Donation Theft: संसद में जमा राशि को लेकर कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर पहुंचे सपा सांसद, बजरंगबली के चरणों में दान

कौन हैं अंटू मिश्रा?

अनंत कुमार मिश्रा बसपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा का करीबी माना जाता रहा है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी रही है कि अंटू मिश्रा चुनाव से पहले किसी दूसरे राजनीतिक दल का रुख कर सकते हैं। हालांकि, उनके निष्कासन की आधिकारिक वजह मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को ही बताया है।

पहले भी दो बड़े नेताओं पर हुई थी कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब मायावती ने चुनाव से पहले संगठन के बड़े नेताओं पर सख्त कदम उठाया हो। 2 अगस्त को ही बसपा ने रणधीर सिंह बेनीवाल और अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किया था। दोनों पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे।

ये भी पढ़ें- भाजपा 20 हजार देगी या 4.80 लाख का हिसाब? सपा प्रमुख अखिलेश यादव के तंज से गरमाई यूपी की सियासत

खास बात यह है कि अशोक सिद्धार्थ, मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर हैं। उनके बाद अब अंटू मिश्रा पर हुई कार्रवाई ने बसपा के अंदर चल रहे बदलावों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

Location :  Lucknow

Published :  13 August 2026, 1:49 PM IST