आप छोड़ भाजपा गए संदीप पाठक पर बड़ी कार्रवाई, पंजाब पुलिस ने दिल्ली में की घेराबंदी!

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक पर पंजाब में भ्रष्टाचार के दो केस दर्ज हुए हैं। गैर-जमानती धाराओं में फंसे पाठक पर गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है। इस पूरे मामले से सियासत में हलचल तेज हो गई है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 2 May 2026, 11:04 AM IST

New Delhi : राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जहां आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक (MP Sandeep Pathak) अब कानूनी घेरे में आ गए हैं। भाजपा में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद उनके खिलाफ पंजाब में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं और गैर-जमानती धाराएं भी लगाई गई हैं। जिससे उनकी मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।

पुलिस की दिल्ली में दस्तक

सूत्रों के मुताबिक पंजाब पुलिस की टीमें दिल्ली पहुंच चुकी हैं और किसी भी वक्त संदीप पाठक की गिरफ्तारी हो सकती है। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें अब आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद बढ़ा विवाद

गौरतलब है कि 25 अप्रैल को संदीप पाठक ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उनके साथ कई अन्य सांसदों ने भी पार्टी बदली थी। भाजपा में शामिल होते ही यह मामला राजनीतिक रंग भी लेता दिख रहा है और इसे बदले की राजनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

केजरीवाल के बेहद करीबी रहे थे पाठक

संदीप पाठक कभी अरविंद केजरीवाल के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे। पार्टी में उन्हें चाणक्य तक कहा जाता था। पंजाब चुनाव में उनकी रणनीति को बड़ी जीत का कारण माना गया था। यहां तक कि जब केजरीवाल जेल में थे। तब जिन चुनिंदा लोगों को उनसे मिलने की अनुमति थी। उनमें संदीप पाठक भी शामिल थे।

New Delhi: सत्याग्रह की राह पर केजरीवाल; बापू की समाधि पर टेका मत्था, न्यायपालिका पर जताया भरोसा पर आंदोलन का लिया संकल्प

पार्टी के अंदर असंतोष और बदलाव

हालांकि बाद में पार्टी के अंदर उनके खिलाफ नाराजगी भी बढ़ी। उन्हें पंजाब प्रभारी पद से हटाकर छत्तीसगढ़ भेज दिया गया था। वहीं 2025 के दिल्ली चुनाव में हार के बाद भी उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे थे। बताया जा रहा है कि इन घटनाओं से वे असंतुष्ट थे।

उद्योग जगत में भी हलचल

पंजाब में आप छोड़ने वाले उद्योगपति पद्मश्री राजिंदर गुप्ता की ट्राइडेंट इंडस्ट्री पर पीपीसीबी की कार्रवाई ने भी सियासी माहौल गर्म कर दिया है। कंपनी ने इसे बदले की कार्रवाई बताते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है। जिस पर अदालत ने सरकार को नोटिस जारी किया है।

Location :  New Delhi

Published :  2 May 2026, 11:04 AM IST